Move to Jagran APP

दीपोत्सव-2024: एक ही रंग के परिधान में 1100 अर्चक करेंगे सरयू आरती, संत-महंत और अन्य विशिष्टजन की सूची तैयार

Deepotsav 2024 - अयोध्या में दीपोत्सव पर 30 अक्टूबर को सरयू नदी के तट पर 1100 अर्चक एक साथ महाआरती करेंगे जो विश्व कीर्तिमान बनाएगा। सरयू तट पर 11 खंड बनाए जाएंगे प्रत्येक में 100 अर्चक होंगे। अर्चक पीले रंग का परिधान धारण करेंगे। यह आयोजन दीपोत्सव का आठवां संस्करण होगा और 25 लाख से अधिक दीयों को प्रज्वलित किया जाएगा।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 25 Oct 2024 02:40 AM (IST)
Hero Image
दीपोत्सव के आयोजन के लिए राम की पैड़ी का कराया गया रंग-रोगन। जागरण
प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। पुण्य सलिला सरयू की आरती यूं तो नित्य होती है, लेकिन 30 अक्टूबर को दीपोत्सव के अवसर पर होने वाली सरयू की महाआरती न केवल विशिष्ट होगी बल्कि विश्व कीर्तिमान बनाएगी। सरयू तट पर एक साथ 1100 अर्चक व धर्माचार्य सरयू मां की आरती करेंगे। 

सवा किलोमीटर के दायरे में सरयू नदी के तट पर खड़े सभी अर्चक एक ही रंग की पोशाक व परिधान में नजर आएंगे। इस महाआरती में शामिल होने वाले प्रमुख संत-महंत और अन्य विशिष्टजन की सूची पर्यटन विभाग ने तैयार की है।

महाआरती की विशेषताएं

  • सवा किलोमीटर के दायरे में सरयू नदी के तट पर खड़े अर्चक एक ही रंग की पोशाक में नजर आएंगे।
  • 11 खंड बनाए जा रहे हैं, प्रत्येक में 100 अर्चक होंगे।
  • मुख्य अर्चक प्रत्येक खंड में मौजूद रहेंगे।
  • अर्चक पीले रंग का परिधान धारण करेंगे।
  • 28 और 29 अक्टूबर को रिहर्सल आयोजित होगा।

दीपोत्सव के अन्य आकर्षण

  • 25 लाख से अधिक दीयों को प्रज्वलित करने का लक्ष्य।
  • दो विश्व कीर्तिमान बनाए जाएंगे।
  • पर्यटन विभाग ने प्रमुख संत-महंतों और विशिष्टजनों की सूची तैयार की है।
दीपोत्सव का प्रत्येक संस्करण भव्यता का प्रतिमान गढ़ता रहा है और सभी संस्करण उत्सवधर्मिता के नए अध्याय को प्रशस्त करने वाले सिद्ध हुए हैं। इस बार दीपोत्सव का आठवां संस्करण न केवल बेहद खास होगा, बल्कि पहली बार ऐसा होगा जब दीपोत्सव में दो विश्व कीर्तिमान गढ़े जाएंगे। 

25 लाख से अधिक दीयों को प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है, वहीं 1100 अर्चक और धर्माचार्य एक साथ पुण्य सलिला सरयू जी की आरती करने का भी विश्व कीर्तिमान बनाएंगे। सरयू की महाआरती का रिकार्ड बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी है। इस दीपोत्सव में सरयू की महाआरती आकर्षण का केंद्रबिंदु होगी।

पर्यटन विभाग के उप निदेशक राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि इस महाआरती के लिए नया घाट से लक्ष्मणघाट की तरफ 11 खंड बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक खंड में 100 अर्चक मौजूद रहेंगे। प्रत्येक खंड में एक मुख्य अर्चक होगा। 

प्रतिष्ठित लोग होंगे शामिल

पर्यटन उप निदेशक के मुताबिक सूची को जिला प्रशासन के साथ ही प्रमुख संत-महंतों के सहयोग से तैयार किया गया है। इसमें कुछ विद्यालयों और समाज के अन्य प्रतिष्ठित लोगों को भी शामिल किया गया है। 

अर्चक पीले रंग का परिधान धारण करेंगे। 30 अक्टूबर से पहले 28 व 29 अक्टूबर को सरयू महाआरती का रिहर्सल आयोजित होगा। इसमें भी समाज के अलग-अलग वर्ग के लोगों को शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: अयोध्या में शुरू हो गईं दीपोत्सव की तैयारियां, मंदिर में रामलला के विराजमान के बाद होगा पहला उत्सव; क्या होगा खास?

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।