Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राम दर्शन के जर‍िए वातावरण को राममय बनाएगी BJP, अयोध्‍या में रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट व RSS पदाधिकारियों के साथ की बैठक

सांगठनिक बैठक बुधवार को होटल पंचशील में हुई जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि दूसरे राजनीतिक दल लोगों को रामलला का दर्शन कराने लाते हैं तो भी सभी रामभक्तों के लिए समान व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। उनके रहने-खाने आदि का प्रबंध किया जाएगा। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग केंद्रीय संगठन मंत्री के साथ-साथ राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को सौंपा गया है।

By Jagran News Edited By: Vinay Saxena Updated: Wed, 10 Jan 2024 10:47 PM (IST)
Hero Image
बैठक में मंचस्थ बीएल संतोष, सुनील बंसल, तरुण चुग, भूपेंद्र सिंह चौधरी, धर्मपाल, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी में बुधवार को भाजपा की हाई वोल्टेज बैठकों का क्रम दिन भर चलता रहा। राष्ट्रीय और राज्य इकाई के शीर्ष नेताओं ने संगठन के साथ ही रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट व आरएसएस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें तय किया गया है कि रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद 25 जनवरी से 25 मार्च तक प्रतिदिन 25 से 30 हजार लोगों को दर्शन कराया जाएगा।

भाजपा ने इस अभियान को ‘राम दर्शन’ नाम दिया है। बैठक में लोगों को ठहराने के लिए करीब 20 स्थानों पर टेंट सिटी बनाने का निर्णय लिया गया। टेंट लगाने के साथ-साथ भोजन, परिवहन आदि व्यवस्थाओं पर मंथन किया गया। आवास, यातायात, दर्शन, समन्वय, भंडारा, स्वच्छता आदि से संबंधित 20 से 25 विभागों का गठन किया गया।

सांगठनिक बैठक बुधवार को होटल पंचशील में हुई, जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि दूसरे राजनीतिक दल लोगों को रामलला का दर्शन कराने लाते हैं तो भी सभी रामभक्तों के लिए समान व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। उनके रहने-खाने आदि का प्रबंध किया जाएगा। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग केंद्रीय संगठन मंत्री के साथ-साथ राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को सौंपा गया है। राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ भंडारे व विनोद तावड़े रेलवे की व्यवस्था की मानीटरिंग करेंगे। दोनों नेता 17 जनवरी को फिर यहां आएंगे। राज्य स्तर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह अभियान की मानीटरिंग करेंगे।

यह भी पढ़ें: अयोध्या में बस गया तंबुओं का सुंदर शहर, 15 से 20 हजार लोगों के ठहरने का है प्रबंध; जानें कब से शुरू होगा संचालन, क्या मिलेंगी सुविधाएं

स्थानीय स्तर पर सांसद लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्त, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह व महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव प्रशासनिक समन्वय बनाएंगे। महानगर अध्यक्ष कंट्रोल रूम का दायित्व संभालेंगे। भक्तों को दर्शन कराने का दायित्व अभय सिंह को सौंपा गया है।

राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने यह निर्देश भी दिया कि ‘जिसे जो दायित्व दिया गया है, वह उसी में निमग्न रहे। ऐसा न हो कि कोई महत्वपूर्ण व्यक्ति आए तो उसके पीछे लग जाएं।’ बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।

90 में सपा ने अयोध्या को बनाया जलियांवालाबाग अयोध्या में गोलीकांड को सही ठहराने वाले सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर व दो नवंबर 1990 को सपा ने अयोध्या को जलियांवालाबाग बना दिया था। भाजपा महासचिव ने कहा कि देश की जनता सपा को इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी। गोलीकांड की सराहना करना मानसिक दिवालियापन है।

अयोध्या स्वागत को तैयार: ब्रजेश पाठक

ब्रजेश उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अयोध्या रामभक्तों के स्वागत को तैयार है। सर्किट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के उपरांत उन्होंने मीडिया से वार्ता की। उन्होंने कहा कि अयोध्या सभी सुविधाओं से युक्त हो गई है। किसी भी श्रद्धालु को कोई समस्या नहीं आएगी।

यह भी पढ़ें: Ayodhya Ram Mandir: देशभर के 121 वैदिक आचार्य रामजन्मभूमि परिसर में आज से करेंगे अनुष्ठान