जब डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- असली प्रधान को बुलाओ, चौपाल में आए लोगों की निकल गई हंसी
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील मिश्र को मंच पर बुलाया तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तपाक से बोल पड़े कि मंच पर असली प्रधान को बुलाओ। अपने संबोधन में डिप्टी सीएम ने इस बात का जिक्र किया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करते ही दीवार में लगे शिलापट्ट पर नाम पढ़ लिया था। असली प्रधान पुष्षा मिश्रा हैं।
संसू, रुदौली (अयोध्या)। मवई ब्लाक की ग्राम पंचायत रानीमऊ में रविवार को चौपाल के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य महिला सशक्तिकरण को और प्रभावी बना गये। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील मिश्र को मंच पर बुलाया तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तपाक से बोल पड़े कि मंच पर असली प्रधान को बुलाओ।
इस पर चौपाल में लोग हंसने लगे। अपने संबोधन में डिप्टी सीएम ने इस बात का जिक्र किया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करते ही दीवार में लगे शिलापट्ट पर नाम पढ़ लिया था। असली प्रधान पुष्षा मिश्रा हैं। उन्होंने कहा कि अब संसद व विधानसभाओं में 35 प्रतिशत महिलाएं सदस्य बन सकेंगी। इसके लिए प्रधानमंत्री ने कानून बनाया है।
बांटा पत्रक
गांव चलो अभियान में उप मुख्यमंत्री, विधायक, जिलाध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारियों ने रानीमऊ गांव में दुकानदारों व महिलाओं को पत्रक वितरित किया। पत्रक में केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि आगामी लोक सभा चुनाव में बीजेपी अकेले 370 सीटें जीतेंगी। एनडीए 400 से अधिक सीटें जीतेगा। वह रानीमऊ खेल मैदान में चौपाल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब सरकार आपके द्वार आती है। डबल इंजन की सरकार सबका साथ व सबका विकास के फार्मूले पर काम कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में वर्ष 2014 से देश में परिवर्तन आया है। जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि मोदी ने बेईमानी रोकी है या नहीं, जनता ने हाथ उठा कर हां में उत्तर दिया। आज अयोध्या धाम की चर्चा पूरे विश्व में हैं।
ये भी पढ़ें -