Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'योगी जी धर्म की रक्षा कर रहे हैं, उनका साथ देना है', अयोध्या में बोले उत्तराखंड के मंत्री सतपाल महाराज

सतपाल महाराज ने कहा कि अयोध्या के निवासियों और व्यापारियों की समस्याएं धीरे-धीरे समाप्त हो जाएंगी। उदाहरण दिया कि मां के गर्भ में नौ महीने तक शिशु रहता है तो दोनों को ही परेशानी होती है। प्रसव के बाद सब कुछ ठीक हो जाता है। इस तरह अयोध्या में भी सब कुछ नया हो रहा है इसलिए परेशानी हो रही है।

By Praveen Tiwari Edited By: Mohammed Ammar Updated: Sun, 08 Sep 2024 09:22 PM (IST)
Hero Image
सतपाल महाराज सद्भाना सम्मेलन में बोल रहे थे।

जागरण संवाददाता, मिल्कीपुर (अयोध्या) मिल्कीपुर के विद्या मंदिर इंटर कालेज में सद्भावना सम्मेलन का आयोजन हुआ। संयोजन प्रदेश के कृषि मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने किया।

इसमें उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री तथा मानव उत्थान सेवा समिति के संस्थापक सतपाल जी महाराज ने अनुयायियों को सनातन धर्म से लेकर राजनीति व रोजगार तक की दीक्षा दी। तथ्यों काे उद्घृत करते हुए यूपी में हो रहे उप चुनाव वाली सभी 10 सीटों पर भाजपा को जिताने का आह्वान किया।

सतपाल महाराज बोले- अब आपकी बारी है 

कहा कि जो धर्म से देश की रक्षा करें, उसका साथ देना है, धर्म को मजबूत करना करना है। उत्तर प्रदेश में योगी जी धर्म से देश की रक्षा कर रहे हैं। इसलिए योगी के हाथों को मजबूत कीजिए। योगी जी भी देवभूमि के रहने वाले हैं। उत्तर प्रदेश का विकास कीजिए। सतपाल महाराज ने कहा सनातन वह है, जिसका आदि और अंत न हो।

बताया कि राम, कृष्ण, संतजन व ज्ञानी सनातन धर्म पर चले हैं, अब आपकी बारी है, इसी धर्म पर चल कर देश का विकास प्रशस्त करें। कहा प्रभु राम का अयोध्या में मंदिर था, कुछ लोग उसे बाबरी मस्जिद कहने लगे थे। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद आज भगवान राम का मंदिर बन गया।

बोले- आने वाले दिनों में सभी सुखी होंगे

कहा, अयोध्या के निवासियों और व्यापारियों की समस्याएं धीरे-धीरे समाप्त हो जाएंगी। उदाहरण दिया कि मां के गर्भ में नौ महीने तक शिशु रहता है तो दोनों को ही परेशानी होती है। प्रसव के बाद सब कुछ ठीक हो जाता है। इस तरह अयोध्या में भी सब कुछ नया हो रहा है, इसलिए परेशानी हो रही है।

आने वाले दिनों में सभी सुखी होंगे। उन्होंने कहा लोग सनातन धर्म व योग को जानना चाहते हैं। उन्होंने महाभारत का जिक्र करते हुए कहा, जब अर्जुन का चित्त युद्ध से हट गया तो भगवान श्रीकृष्ण के आश्रित हो गए। भगवान ने उन्हें उपदेश दिया। युद्ध में अर्जुन का पक्ष विजयी हुआ। दलित और छुआछूत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भगवान राम शबरी के आश्रम में गए सम्मान दिया।

जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडे खुन्नू, पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, पूर्व ब्लाक प्रमुख विनय कुमार रावत, जिप प्रतिनिधि चंद्रभानु पासवान, नेहा सिंह आनंद ने सतपाल महाराज को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

समिति के सत्यदेव दुबे व मोहन सिंह ने प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही का स्वागत किया। प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही व विधायक रामचंद्र यादव ने भी जनसमूह को संबोधित किया। शाही ने कहा कुछ लोग समाज को तोड़ने की बात करते हैं पर भारतीय संस्कृति और परंपराएं सभी को जोड़ने की बात करती हैं।

यह भी पढ़ें : Sambhal News : जमीन कब्जाने के लिए भाजपा नेता का कारनामा: फोन करके कहा- मुझे इन लोगों ने गोली मार दी है