Move to Jagran APP

लोकसभा चुनाव से पहले मायावती को लग सकता है बड़ा झटका, योगी से मुलाकात के बाद बसपा सांसद के BJP में शामिल होने की अटकलें

लालगंज से बसपा सांसद संगीता आजाद की भाजपा से बढ़ती नजदीकियों को लेकर ठंड के इस मौसम में सियासी पारा गर्म हो चला है। उनके भाजपा में जाने को लेकर अटकलों को पंख लग गए हैं। इसके सियासी नफा-नुकसान को लेकर आकलन किए जा रहे हैं। वहीं संगीता आजाद इसे शिष्टाचार मुलाकात बता रही हैं। दरअसल संगीता आजाद को भाजपा में जाने को लेकर अटकलें यूं ही नहीं हैं।

By sarvesh mishra Edited By: Abhishek Pandey Updated: Thu, 01 Feb 2024 10:57 PM (IST)
Hero Image
योगी से मुलाकात के बाद बसपा सांसद के भाजपा में शामिल होने की अटकलें

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। लालगंज से बसपा सांसद संगीता आजाद की भाजपा से बढ़ती नजदीकियों को लेकर ठंड के इस मौसम में सियासी पारा गर्म हो चला है। उनके भाजपा में जाने को लेकर अटकलों को पंख लग गए हैं। इसके सियासी नफा-नुकसान को लेकर आकलन किए जा रहे हैं। वहीं, संगीता आजाद इसे शिष्टाचार मुलाकात बता रही हैं।

दरअसल, संगीता आजाद को भाजपा में जाने को लेकर अटकलें यूं ही नहीं हैं। लोकसभा की हारी सीटें जीतने की मंशा से भाजपा रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी ने सूबे में इसके लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में समिति भी गठित की है। उधर, हाल ही में संगीता आजाद भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के कई प्रमुख नेताओं के साथ मुलाकात कर चुकी हैं।

सीएम योगी से की मुलाकात

हाल में प्रधानमंत्री के साथ भी उनकी तस्वीर आई थी और बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की तस्वीर भी एक्स पर सामने आई। इनके पति पूर्व विधायक अरिमर्दन आजाद भी इन अवसरों पर उनके साथ रहे। यह बात दीगर है कि इन मुलाकातों को संगीता विकास कार्य से जोड़ती रही हैं। हाल के कुछ समय से वह बहुजन समाज पार्टी के कार्यक्रमों से भी लगभग दूर रहीं। पार्टी मुखिया मायावती के जन्मदिन पर भी नहीं दिखीं।

ऐसे में संगीता आजाद के भाजपा में जाने के कयासों को बल मिल रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर संगीता आजाद और उनके पति की सीएम योगी से मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है। सांसद संगीता आजाद और उनके पति अरिमर्दन आजाद का भी यही कहना है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।