Move to Jagran APP

Badaun News : छत से गिरे युवक की मौत, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा

अंजलि ने पति को बताया था कि वह सुबह आ जाएगी। शुक्रवार सुबह अंजलि को जानकारी मिली कि पति की हत्या कर दी गई है। जब वह घर पहुंची तो पता चला कि पति का शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गया है। जबकि इससे पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि संतकुमार का शव घर के बाहर औंधे मुंह पड़ा है।

By Ankit Gupta Edited By: Mohammed Ammar Published: Sat, 29 Jun 2024 11:14 PM (IST)Updated: Sat, 29 Jun 2024 11:14 PM (IST)
हत्या की वजह संपत्ति विवाद को बताया, सगे भाई समेत चार नामजद

जागरण संवाददाता, बदायूं। शहर के नेकपुर गली नंबर सात में एक युवक की छत से गिरकर मृत्यु हो गई। पुलिस जांच में इसकी पुष्टि हुई, लेकिन पत्नी व ससुरालीजन ने संपत्ति विवाद में सगे भाइयों पर मारपीट कर छत से फेंक कर हत्या करने का आरोप लगांया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव सिविल लाइंस थाने के बाहर ले गए। जहां हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। करीब बीस मिनट तक हंगामे के बाद पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने पत्नी के शिकयती पत्र पर सगे भाईयों समेत चार के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मुहल्ला नेकपुर गली नंबर सात निवासी संतकुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। शनिवार को संत कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मृत्यु हो गई। उस समय उनकी पत्नी अंजली अपने मायके गई थी। पति की मृत्यु की सूचना पर वह अपने भाइयों के साथ पहुंची। उन्होंने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनके पति संतकुमार उर्फ संजय का अपने ही भाईयों व बहनों से जमीन का विवाद चल रहा है। 24 जून को ससुराल पक्ष के लोगों ने अंजली के साथ मारपीट की थी।

मारते पीटते घर से बाहर ले गए। गाली गलौज की और घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद से ही वह अपने मायके थी। शुक्रवार रात करीब पौने दस बजे उनके पति के साथ भी गाली गलौज की गई। सभी ने मारपीट की। उनके पति को कुछ लोगाें ने बताया था कि उसके घर के लोग ही उन्हें मार देंगे। जिससे पति घबराए हुए थे। शुक्रवार को अंजली की अपने पति संतकुमार से मोबाइल पर बात हुई थी।

दरवाजा भी छत की ओर से बंद मिला। पुलिस ने पास लगे सीसीटीवी देखे तो संतकुमार छत से गिरते नजर आए हैं। इसके चलते पुलिस इसे हादसा मान रही थी। लेकिन संतकुमार की पत्नी अंजलि और उनके स्वजन लगातार भाईयों व बहन पर ही हत्या का आरोप लगा रहे थे।

उन्होंने शिकायती पत्र देकर संतकुमार के भाई ज्ञानेंद्र, सचिन, बहन प्रियंका और बहनोई महक सिंह उर्फ राजू के विरुद्ध मारपीट, गाली गलौज, धमकी और हत्या के मामले में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में भी ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। दो आरोपित हिरासत में हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.