Move to Jagran APP

अखिलेश के फैसले ने बदला बदायूं की राजनीति का रंग, सपा से शिवपाल के आने से असमंजस में भाजपा; टिकट को लेकर दुविधा

Lok Sabha Chunav 2024 चार दिन पहले तक भाजपा से संघमित्रा मौर्य और सपा से धर्मेंद्र यादव के बीच आमने-सामने की टक्कर की संभावना दिखाई दे रही थी लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। सपा ने धर्मेंद्र यादव का टिकट बदल दिया है। अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव को मैदान में उतार दिया है। इससे भाजपा में भी टिकट को लेकर ऊहापोह की स्थिति रही है।

By Kamlesh Kumar Sharma Edited By: riya.pandey Updated: Sun, 25 Feb 2024 05:21 PM (IST)
Hero Image
सपा से शिवपाल के आने से असमंजस में भाजपा
जागरण संवाददाता, बदायूं। Lok Sabha Chunav 2024: जिले की राजनीति में इन दिनों ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। चार दिन पहले तक भाजपा से संघमित्रा मौर्य और सपा से धर्मेंद्र यादव के बीच आमने-सामने की टक्कर की संभावना दिखाई दे रही थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।

सपा ने धर्मेंद्र यादव का टिकट बदल दिया है। अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव को मैदान में उतार दिया है। दो दिन तक इस बात की चर्चा होती रही कि शायद शिवपाल यहां से चुनाव लड़ने से इनकार कर दें, लेकिन ऐसा कुछ होता नहीं दिखाई दे रहा है। इससे भाजपा में भी टिकट को लेकर ऊहापोह की स्थिति रही है।

कस्बों और गांवों में लोगों के बीच रहे हैं शिवपाल

बदायूं लोकसभा सीट में विधानसभा क्षेत्र बदायूं, बिल्सी, सहसवान, बिसौली और संभल जिले की विधानसभा गुन्नौर है। जब मुलायम सिंह यादव गुन्नौर और सहसवान विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा करते थे तब शिवपाल सिंह यादव उनके चुनाव की कमान संभालते रहे। वह कस्बों और गांवों तक में लोगों के बीच रहे हैं। हालांकि समय काफी बीत चुका है, उस समय के अधिकांश लोग अब नहीं हैं।

सपा की चुनौती को हल्के में नहीं ले रही भाजपा

इसके बाद भी इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि गुन्नौर विधानसभा यादव बाहुल्य है। इसी सीट से सपा को लीड मिलती रही है, लेकिन पिछले चुनाव में भाजपा ने इस तिलिस्म को तोड़ा था। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा ने वापसी की थी।

जिले की छह सीटों में तीन सीटें जीती थी। इसलिए भाजपा अब सपा की चुनौती को हल्के में नहीं लेना चाहती। सपा का टिकट बदलने के बाद भाजपा में अंदरखाने में मंथन शुरू हो चुका है। 26 फरवरी को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत आएंगे। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मंत्रणा करेंगे।

माना जा रहा है कि जिला मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर तक की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ मतदाताओं की नब्ज भी टटोली जाएगी। जिले के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन किए हैं। इससे माहौल राममय बना हुआ है। अगले सप्ताह भाजपा और सपा दोनों की गतिविधियां बढ़ने के आसार दिख रहे हैं। राजनीतिक दलों की गतिविधियों को देखने के बाद ही पता चलेगा कि चुनाव कितना रोचक होने जा रहा है।

शिवपाल से मिलने पहुंचे सपा के तीनों विधायक 

जिले में सपा के विधायक आशुतोष मौर्य, ब्रजेश यादव और हिमांशु यादव ने शिवपाल सिंह यादव के घर जाकर मुलाकात की। जिले की राजनीतिक स्थिति से अवगत कराया और चुनाव में पूरा सपोर्ट करने का भरोसा दिलाया। मुलाकात के फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें-

प्रधानमंत्री के 'मन की बात' का आगामी तीन माह तक नहीं होगा प्रसारण, PM मोदी ने कार्यक्रम में फर्स्ट वोटरों से की ये खास अपील

मुस्लिम-यादव गठजोड़ की मजबूती के लिए सपा ने फेंका तुरुप का इक्का, बदायूं में बढ़ी BJP की चुनौती; अब रोचक होगा चुनावी दंगल

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।