Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Badaun News : खेत में गए थे कांस काटने अचानक हो गया बड़ा हादसा, दंपती की गंगा में डूबने से हो गई मौत

ग्रामीणों ने बताया कि धर्म सिंह और उनकी पत्नी शांति गंगा नदी पार करने के लिए हवा भरा हुआ ट्यूब ले गए थे। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करने के दौरान ट्यूब से असंतुलित होकर नदी में गिरे और दुर्घटना के शिकार हो गए। इसीलिए रविवार शाम को जब लोग नदी किनारे गए तब उनके शव आदि नजर नहीं आए।

By Ankit Gupta Edited By: Mohammed Ammar Updated: Mon, 07 Oct 2024 05:55 PM (IST)
Hero Image
दोनों साथ में ही कांस काटने गए थे वहां दोनों की डूबकर हो गई मौत।

संस जागरण, सहसवान। तहसील क्षेत्र के गांव औरंगाबाद टप्पा जामनी के मजरा मोहन नगला में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गंगा पार खेत से कांस काटने जा रहे दंपती की गंगा नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। जानकारी तब हुई जब सोमवार सुबह उनके शव नदी किनारे उतराते मिले। सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया और तहसील प्रशासन ने कागजी कार्रवाई शुरू कर दी।

देर शाम तक जब घर नहीं लौटे तो परिजन हुए परेशान

सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव औरंगाबाद टप्पा जामनी के मजरा मोहन नगला निवासी धर्म सिंह की गंगा पार कृषि भूमि है। ग्रामीणों के मुताबिक रविवार दोपहर धर्मसिंह अपनी पत्नी शांति के साथ खेत से कांस काटने गए थे। इसी दौरान दोनों लोग गंगा में डूब गए। इधर, देर शाम तक वह नहीं लौटे तो स्वजन और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन कोई पता नहीं चल सका।

सुबह लोगों ने पड़े देखे शव

सोमवार सुबह गंगा किनारे कुछ लोग मछली पकड़ने गए और उन्होंने गंगा में दो लोगों के शव पड़े देखे। सूचना पर आसपास गांवों के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। इधर, पति पत्नी की तलाश में जुटे लोग भी वहां पहुंचे और उन्होंने दोनों शव की पहचान धर्म सिंह व उनकी पत्नी शांति के रूप में की।

सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक बृजपाल सिंह, हल्का लेखपाल राकेश कुमार, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। दंपती की मृत्यु के बाद से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।

बता दें कि उन दोनों की नौ संतान हैं। इनमें पांच पुत्र और चार पुत्रियां हैं। दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है जबकि शेष बच्चे अविवाहित हैं। मेहनत मजदूरी से इनके परिवार का भरण पोषण होता था।

ट्यूब पलटने से हादसे की आशंका

ग्रामीणों ने बताया कि धर्म सिंह और उनकी पत्नी शांति गंगा नदी पार करने के लिए हवा भरा हुआ ट्यूब ले गए थे। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करने के दौरान ट्यूब से असंतुलित होकर नदी में गिरे और दुर्घटना के शिकार हो गए। इसीलिए रविवार शाम को जब लोग नदी किनारे गए तब उनके शव आदि नजर नहीं आए। रात में किसी तरह किनारे आने पर सुबह शव किनारे पर उतराते दिखाई दिए।

गांव औरंगाबाद टप्पा जामनी के मजरा मोहन नगला निवासी दपंती की गंगा नदी में डूबने से मृत्यु की सूचना मिली थी। नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और हल्का लेखपाल को मौके पर भेज कर जांच कराई जा रही है। दोनों की मृत्यु डूबने के कारण ही हुई है। नियमानुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

- प्रेमपाल सिंह, एसडीएम, सहसवान

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें