Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Baghpat Lok Sabha Chunav Result 2024: बागपत में राजकुमार का राज, सपा के अमरपाल शर्मा को लाखों मतों से हराया

Baghpat Lok Sabha Election Results Live इस बार बागपत की सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। चौधरी चरण सिंह के परिवार का गढ़ रही इस सीट पर 47 वर्षों बाद इस परिवार के किसी सदस्य ने चुनाव नहीं लड़ा। बागपत में रालोद के राष्ट्रीय सचिव राजकुमार सांगवान सपा के अमरपाल शर्मा और बसपा के प्रवीण बंसल के बीच सीधा मुकाबला रहा।

By Jagran News Edited By: Aysha Sheikh Updated: Wed, 05 Jun 2024 02:15 PM (IST)
Hero Image
Baghpat Lok Sabha Chunav Result 2024: बागपत में राजकुमार का राज, सपा के अमरपाल शर्मा को लाखों मतों से हराया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Baghpat lok sabha chunav Result 2024: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में (26 अप्रैल, 2024) को बागपत लोकसभा संसदीय क्षेत्र में मतदान हुआ था। बागपत में रालोद के राष्ट्रीय सचिव राजकुमार सांगवान, सपा के अमरपाल शर्मा और बसपा के प्रवीण बंसल के बीच सीधा मुकाबला रहा। पिछले दो चुनावों में यहां आमने-सामने रहीं भाजपा और रालोद ने इस बार हाथ मिला लिया था।

बागपत से कौन जीता? (Baghpat lok sabha chunav 2024 Winner)

डा. राजकुमार सांगवान बागपत लोकसभा सीट से सांसद चुन लिए गए हैं। सांगवान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के अमरपाल शर्मा को 159459 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। सांगवान को 488967 मत मिले। अमरपाल को 329508 मतों से संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान पर रहे बसपा के प्रवीण बंसल को 92266 मत मिले।

इस बार बागपत की सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। चौधरी चरण सिंह के परिवार का गढ़ रही इस सीट पर 47 वर्षों बाद इस परिवार के किसी सदस्य ने चुनाव नहीं लड़ा। रालोद ने राष्ट्रीय सचिव राजकुमार सांगवान को उतारा है। सपा ने पहले पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी को और आखिरी दौर में साहिबाबाद के पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा को उतार दिया।

बसपा ने दिल्ली हाई कोर्ट के अधिवक्ता प्रवीण बंसल पर दांव लगाया। भाजपा ने जाट, सपा ने ब्राह्मण और बसपा ने गुर्जर प्रत्याशी को मैदान में उतारा। पिछले दो चुनावों में यहां आमने-सामने रहीं भाजपा और रालोद के हाथ मिलाने से एनडीए समर्थक यहां हैंडपंप को मजबूत बनाने में लगे रहे।

सपा ने बदला था टिकट

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पहले मनोज चौधरी (Manoj Chowdhary) को बागपत लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया। इसके कुछ समय बाद ही, 20 मार्च को उन्हें बागपत से लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया। मनोज को प्रत्याशी बनाने से सपा में घमासान मचा हुआ था।

सियासी हलचल तब तेज हुई, जब मनोज का टिकट काट दिया गया। सपा हाईकमान ने टिकट काटते समय मनोज चौधरी को समझाते हुए कहा कि उन्हें आगे विधानसभा का चुनाव लड़ाएंगे।

मनोज चौधरी का टिकट काटकर सपा ने साहिबाबाद के पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा (SP Candidate Amarpal Sharma) को उतारा। अमरपाल शर्मा 12वीं उत्तीर्ण हैं। वे 2007 में गाजियाबाद से विधायक का निर्दलीय चुनाव लड़े लेकिन हार गए।

वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर गाजियाबाद से भाजपा के राजनाथ सिंह के सामने लोकसभा का चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। 2012 में बसपा से साहिबाबाद से चुनाव लड़कर विधायक बने। 2017 में सपा ज्वाइन कर साहिबाबाद से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन हार मिली।

2019 में भाजपा ने जीती थी बागपत सीट (Baghpat lok sabha chunav 2019 Winner)

2019 में बागपत की जनता ने 525789 वोटों के साथ भाजपा के डॉ सत्यपाल सिंह को विजयी बनाया था। डॉ सत्यपाल सिंह ने राष्ट्रीय लोकदल के जयंत चौधरी को 23502 वोटों से हराया था। जयंत चौधरी को 502287 वोट प्राप्त हुए थे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें