शराब की लत में फंस चुके युवक ने पत्नी के साथ खाया जहर, बीवी तो बच गई लेकिन युवक की चली गई जान
पुलिस के अनुसार मोहल्ले के लोगों को इसका पता चला तो तेजवीर घर पहुंचा और परिवार के लोगो की मदद से बेटे और पुत्रवधू को लेकर सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सनी को मृत घोषित कर दिया जबकि ईशा का उपचार हो रहा है। इंस्पेक्टर मनोज चहल ने बताया कि शराब पीने का आदी सनी अपने पिता की चार बीघा भूमि और बिकवाने का दबाव बना रहा था।
जागरण संवाददाता, बड़ौत। ढिकाना गांव में पारिवारिक कलह के कारण रविवार की रात एक दंपती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों को चिंताजनक हालत में सीएचसी में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि उसकी पत्नी का अभी भी अस्पताल में उपचार हो रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक शराब पीने का आदी था और अपने पिता की 14 बीघा कृषि भूमि बिकवाने के बाद अब चार बीघा भूमि और बिकवाने का दबाव बना रहा था। इसी को लेकर घर में विवाद हो रहा था।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
ढिकाना गांव में तेजवीर के 24 वर्षीय बेटे सनी की शादी लगभग डेढ़ साल पहले ईशा के साथ हुई थी। सनी अपने पिता तेजवीर के साथ रहता था। तेजवीर के पास लगभग 18 बीघा कृषि भूमि थी। पुलिस के अनुसार सनी शराब पीने का आदी था। उसका अपने पिता के साथ व्यवहार ठीक नहीं था। वह अपने पिता की 14 बीघा भूमि पहले बिकवा चुका था और कुछ समय से चार बीघा भूमि और भी बिकवाने का दबाव बना रहा था।
दोनों ने एक साथ खाया जहर
पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर सनी का अपने पिता तेजवीर के साथ विवाद रहता था। इसी विवाद के कारण एक सप्ताह पहले तेजवीर अपने बेटे की शिकायत लेकर कोतवाली आया था, लेकिन घर का विवाद बताते हुए तहरीर लेकर वापस चला गया था।
रविवार को सनी और तेजवीर के बीच फिर विवाद हो गया। तेजवीर ने सनी को कोतवाली में शिकायत करने की बात कही। कुछ देर बाद तेजवीर घर से बाहर चला गया तो सनी और उसकी पत्नी ईशा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
सनी की मौत हो गई जबकि ईशा का उपचार हाे रहा है। ईशा की हालत में अब सुधार है। सनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। इस मामले में स्वजन ने तहरीर नहीं दी है।