Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Wolf Terror: वन विभाग की बड़ी चुनौती, लगातार लोकेशन बदलकर चकमा दे रहा भेड़िया; अब तक 8 लोगों को बना चुका शिकार

Wolf attacks In Bahraich उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भेड़िए का आतंक बना हुआ है। प्रदेश के बहराइच जिले में भेड़िए ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। वहीं वन विभाग भी उसे पकड़ने में नाकाम हो रही है। भेड़िया लगातार अपना ठिकाना बदलकर वन विभाग को चकमा दे रहा है। भेड़िया के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

By Jagran News Edited By: Riya Pandey Updated: Sat, 31 Aug 2024 06:25 PM (IST)
Hero Image
वन विभाग को चकमा देकर निकल जा रहा भेड़िया

संजय सिंह महसी, (बहराइच)। वन विभाग को शनिवार की  सुबह एक और  सफलता मिलते मिलते रह गई। कछार में भेड़िए की लोकेशन मिली। पकड़ने का उपाय शुरू हुआ। इसी दौरान भेड़िया चकमा देकर निकल गया। वह वनकर्मियों के साथ लगातार लुका छिपी का खेल खेल रहा है। 

शनिवार की सुबह हरदी थाना के हरिबक्स पुरवा गांव स्थित घाघरा के कछार में वन कर्मियों को भेड़िए की लोकेशन मिली। टीम ने उसे पकड़ने के प्रयास शुरू किए। जाल बिछाने का कार्य शुरू हुआ। इसी दौरान वह चकमा देकर निकल गया। आसपास के खेतों में दुबारा लोकेशन लेने का प्रयास किया। घंटों तक थर्मल ड्रोन से निगरानी की लेकिन चालाक भेड़िया वन वन विभाग के रडार में नहीं आया।

दो घंटे तक चला भेड़िए का सर्च ऑपरेशन

डीएफओ अजीत प्रताप सिंह के साथ वनकर्मी उसकी तलाश में गन्ने के खेतों को खंगाल रहे हैं। शुक्रवार की देर रात सिकंदरपुर में किसी ग्रामीण ने फोन कर भेड़िए के देखे जाने की सूचना दी। दो घंटे सर्च ऑपरेशन चला। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। डीएफओ का कहना है कि भेड़िया लगातार लोकेशन बदल रहा है। जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। 

एक ही स्थान से पकड़े गए चारों भेड़िए

महसी में अब तक चार भेड़िए हरिबक्शपुरवा गांव के निकट कछार में पकड़े गए है। यह इलाका चारों ओर से गन्ने के खेत से घिरा है। डीएफओ का कहना है कि भेड़िए अपने कुनबे के साथ रात में शिकार की तलाश में दूर तक चले जाते हैं। और सुबह होते ही अपने कुनबे में वापस लौट आते हैं। उन्होंने कहा की कछार में बड़े क्षेत्रफल में गन्ने की फसल है।  उसके छिपने के लिए यह मुफीद साबित हो रहा है।

दो रातों में नहीं हुए हमले, दहशत कायम

बीते गुरुवार को हरि बक्श पुरवा गांव के निकट से नर भेड़िए के पकड़े जाने के बाद हमले नही हुए है। नथुवापुर, गंगापुरवा, औराही, गलकारा, मैकूपुरवा, पचदेवरी समेत 40 गांवों में दहशत बरकरार है। टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। लोग रतजगा कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। 

पीड़ित परिजन से मिले राज्य मंत्री, मदद का आश्वासन

महसी: उप्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष व राज्य मंत्री डा. देवेन्द्र शर्मा ने शनिवार को भेड़िया प्रभावित गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने कोलैला, मक्कापुरवा, नकवा व सिंगिया नसीरपुर में बीते दिनों भेड़िए के हमले जान गंवा चुके मासूमों के परिजनों से भेंट की। हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

कहा कि सरकार, शासन व प्रशासन आपके साथ है। ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की। टीमें रात दिन क्षेत्र में गश्त कर रहीं हैं। आश्वासन दिया कि हिंसक वन्य जीव पकड़ लिये जायेंगे।

इस मौके पर भाजपा नेता योगेश्वर सिंह जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, थानाध्यक्ष हरदी सुरेश कुमार वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बहराइच के बाद यूपी के सीतापुर में भेड़िए की दहशत, छह पर कर चुका है हमला; वन विभाग ने झाड़ा पल्ला

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर