Move to Jagran APP

Bahraich News: रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाया शहर, दीपावली आज, शाम को होगी भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा

झिलमिलाती रोशनी में जगमगाते घर दीपावली के उत्साह को दिखा रहे हैं। शाम को भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा की जाएगी। इसके लिए बाजार में दिनभर ग्राहकों की चहल-पहल रही। लोगों ने गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों के अलावा पूजन सामग्री भुरकी खील और मिष्ठान आदि की खरीदारी की।

By shiv kumar gaurEdited By: Shivam YadavUpdated: Mon, 24 Oct 2022 04:19 AM (IST)
Hero Image
दीपावली पूजन से सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है।

बहराइच, जागरण संवाददाता। सुख-समृद्धि और प्रकाश का पर्व दीपावली सोमवार को है। घरों के रंग-रोगन से लेकर सजावट तक सभी कार्य पूरे हो गए हैं। झिलमिलाती रोशनी में जगमगाते घर दीपावली के उत्साह को दिखा रहे हैं। शाम को भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा की जाएगी। इसके लिए बाजार में दिनभर ग्राहकों की चहल-पहल रही। लोगों ने गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों के अलावा पूजन सामग्री, भुरकी, खील और मिष्ठान आदि की खरीदारी की।

दीपावली पूजन से सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। हमारे जीवन से अंधकार और नकारात्मकता दूर होती है। जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलता है। दीपावली में शुभदायक भगवान गणेश और सुख समृद्धिदायक मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसके लिए रविवार सुबह से ही बाजारों में लोगों की भीड़ जुट गई। 

कपड़ों व बर्तन की दुकानें रही गुलजार

लोगों ने मिट्टी के दीये, भगवान गणेश और लक्ष्मी जी की मूर्तियां, पूजन के लिए कमल पुष्प, कमल गट्टा, खील, चूरा, मिष्ठान और मौसमी फलों की खरीदारी की। कपड़ों व बर्तन की दुकानें भी ग्राहकों से गुलजार रहीं। घरों को बिजली की रंगबिरंगी झालरों से सजाया गया।

दीपावली पूजन का शुभ मुहूर्त

पं. नारायण शास्त्री के अनुसार दीपावली पूजन के लिए पहला शुभ मुहूर्त 24 अक्टूबर को शाम पांच बजे से सात बजे तक और दूसरा मुहुर्त रात्रि 10 बजे से 12 बजे तक है। इसके बाद रात 12 बजे से तांत्रिकों की पूजा शुरू हो जाएगी।

सूर्य ग्रहण के चलते अन्नकूट पूजा होगी 26 को

25 अक्टूबर को शाम 4.42 से 5.22 बजे तक सूर्य ग्रहण है। पं. नारायण शास्त्री के अनुसार सूर्य ग्रहण के 12 घंटे पहले सूतक लग जाता है, इसलिए 25 अक्टूबर को सुबह 4.30 बजे ही मंदिरों के कपाट बंद हो जाएंगे। इसके बाद कपाट रात 6.30 बजे खोले जाएंगे। केवल पुजारी ही भगवान की पूजा और आरती करके कपाट फिर बंद कर देंगे। दूसरे दिन होने वाले अन्नकूट छप्पनभोग, गोवर्धन पूजा और मार्गपाली बंधन आदि के कार्यक्रम 26 अक्टूबर को किए जाएंगे।

आतिशबाजी से जगमगाएगा आसमान

भगवान श्रीराम लंका पर विजय प्राप्त कर आज के ही दिन वापस अयोध्या लौटे थे। इसकी खुशी में आतिशबाजी करने की परंपरा है। शहर के जीजीआइसी मैदान में पटाखों की दुकानें सजी हैं। युवाओं और बच्चों ने जमकर पटाखों की खरीदारी की। रंग बिरंगी झालरों से घर जगमगाएंगे वहीं जोरदार आतिशबाजी से आसमान भी रोशनी से भर जाएगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें