Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सावधान! दो सेंटीमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा घाघरा का जलस्तर, बहराइच में बाढ़ का खतरा

नेपाल में भारी बारिश के कारण बहराइच के तीनों बैराजों से पानी छोड़ा जा रहा है। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा लाल निशान से ऊपर बह रही है। महसी के घूरदेवी स्पर पर भी घाघरा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है और किसान चिंतित हैं। प्रशासन ने बाढ़ राहत चौकियों को अलर्ट कर दिया है।

By Santosh Srivastava Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sat, 14 Sep 2024 04:02 PM (IST)
Hero Image
सुजौली के चहलवा में बाढ़ के पानी से हो कर जाते ग्रामीण . जागरण

जागरण संवाददाता, महसी/बौंडी (बहराइच)। पहाड़ों पर हुई मूसलाधार बारिश के चलते नेपाली नदियां पूरे उफान पर हैं। इससे बहराइच के तीनों बैराजों में पानी छोड़े जाने का सिलसिला काफी तेज हो गया है। शनिवार की सुबह तीनों बैराजों से पांच लाख 17 हजार 767 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा लाल निशान से 45 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।

घाघरा का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। महसी के घूरदेवी स्पर पर भी घाघरा लाल निशान से 22 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता बीबी पाल ने बताया कि शनिवार की सुबह आठ बजे एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 106.52 मीटर रिकार्ड किया गया। शारदा बैराज से एक लाख 64 हजार 702, गिरिजापुरी बैराज से तीन लाख 12 हजार 812 व सरयू बैराज से 40253 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

महसी तहसील के रामशब्द पुरवा, मांझा दरियाबुरर्द, पंचदेवरी, दरहिया, गलकारा, बहदुरिया, धनावा, औराही, जगन्नाथपुरवा, राठौरनपुरवा, टेपरा, शुकुलपुरवा, पिपरा, कोरहवा समेत दो दर्जन गांवों की कृषि योग्य भूमि में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। इससे किसान चिंतित हैं। घाघरा नदी का जलस्तर जिस गति से बढ़ रहा है यदि ऐसे ही बढ़ता रहा तो भीषण बाढ़ की त्रासदी से जिले की मिहींपुरवा, नानपारा, महसी व कैसरगंज तहसील के 60 गांवों के ग्रामीणों को जूझना पड़ेगा।

नदी का जलस्तर बढ़ता देख घाघरा के कछार में खेती करने वाले किसानों व पशुपालकों ने सुरक्षित ठिकाने की ओर रुख कर दिया है। एसडीएम महसी अखिलेश सिंह ने बताया कि जलस्तर बढ़ रहा है। प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को बचाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। बाढ़ राहत चौकियों को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है।

जिले की नदियों का जलस्तर

  • घाघरा-गिरजापुरी- 136.35
  • घाघरा- एल्गिन ब्रिज- 106.52
  • सरयू-गोपिया- 133.20
  • शारदा-शारदा- 135.35
  • घाघरा-घूरदेवी- 112.370

(जलस्तर मीटर में है)