Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जंगल में मवेशी चराने गए व्यक्ति को बाघ ने बनाया निवाला

गेरुआ नदी के भवानीपुर घाट की घटना ग्रामीणों के हांका लगाने पर शव छोड़ जंगल में भागा बाघ

By JagranEdited By: Updated: Sun, 17 Jul 2022 10:16 PM (IST)
Hero Image
जंगल में मवेशी चराने गए व्यक्ति को बाघ ने बनाया निवाला

बहराइच : कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में कतर्निया रेंज के ग्राम पंचायत विशुनापुर निवासी व्यक्ति पर जंगल से निकले बाघ ने हमला कर दिया। इससे उनकी मौत हो गई। चरवाहों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने हांका लगाया। इस पर बाघ शव छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

गांव के 57 वर्षीय जंग बहादुर रोज की तरह अपने साथी पंचीराम के साथ गांव के मवेशियों को चराने के लिए गेरुआ नदी के भवानीपुरघाट के निकट रविवार को गए थे। यह स्थान घने जंगलों से घिरा हुआ है। मवेशियों को छोड़कर वह नदी के किनारे छांव में आराम करने लगे। इसी दौरान जंगल से निकल कर आए बाघ ने उन पर हमला कर दिया। बाघ के हमले में जंग बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई। साथी चरवाहे के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने हांका लगाना शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बाघ के मुंह से शव बरामद किया गया। मौके पर पहुंचे एसआइ पंकज यादव, कांस्टेबल हरिकेश पांडे, रेंजर विजय मिश्र, वन दारोगा पवन शुक्ल, वनरक्षक यमुना विश्कर्मा, कमलेश कुमार शुक्ल, रवेंद्र प्रसाद, कामता प्रसाद ने मौके का जायजा लिया। प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने बताया कि घटना जंगल की है। मौके पर वन टीम भेजकर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। हाथियों ने बर्बाद की 25 एकड़ धान व गन्ने की फसल

कतर्नियाघाट जंगल से सटे आबादी क्षेत्र में हाथियों का उत्पात कम नहीं हो रहा है। हाथियों के झुंड ने आधा दर्जन गांवों में किसानों की कई एकड़ फसलों को तहस नहस कर दिया। पीड़ित किसानों ने फसलों की सुरक्षा के लिए वन विभाग से खाई खोदवाने व तार की फेंसिग लगवाने की मांग की है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज में शनिवार को जंगली हाथियों ने ग्राम पंचायत रमपुरवा, मटेही तथा हरिहरपुर लालपुर में दो दर्जन किसानों की लगभग 25 एकड़ गन्ना और धान की फसलों को बर्बाद कर दिया। हाथियों ने हरिहरपुर लालपुर निवासी मलकीत सिंह चीमा, तेजा सिंह, जोगा सिंह, दर्शन कौर, सिमरन कौर, आभा, जसलीन, गुरविदर सिंह, सादा सिंह, सुखविदर कौर व कमलजीत सिंह के गन्ने की फसलों को रौंद दिया। मटेही गांव में किसान भूपेंद्र राणा, कमल राणा, अचल राणा, अभिषेक राणा, गिरीश चंद्र, कमलजीत सिंह, बिदा सिंह, अभय राणा व जोगा सिंह की 30 बीघा गन्ने की फसलें बर्बाद हुई हैं। हाथियों का उत्पात लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।

करीब दो दर्जन हाथी शनिवार की रात सरयू नहर पार कर ग्राम पंचायत रमपुरवा के बनकटी गांव में पहुंच गए, जहां हाथियों ने बलदेव सिंह व महेंद्र सिंह के 20 बीघा धान व गन्ने की फसलों को बर्बाद कर दिया। किसानों का कहना है कि हाथियों ने लगातार फसलों को चौपट किया जा रहा है, लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पंहुचा। किसानों ने रेंज कार्यालय पर फसलों के मुआवजे के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। साथ ही हाथियों व अन्य जंगली जीवों से सुरक्षा के लिए खाई खोदवाने व तार की फेंसिग लगवाने की मांग की है ।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें