Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ballia News: हल्की बूंदाबादी में ही गिर गया बलिया स्टेशन के गुंबद का छज्जा, मच गई खलबली

बलिया में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन के गुंबद का छज्जा अचानक गिर गया जिससे गुंबद पर लगी कीमती धौलपुरी पत्थर की परत उखड़कर मलबा बन गई। रेल महकमे और निर्माण एजेंसी में खलबली मच गई। रेल प्रशासन ने इसे सामान्य घटना बताया लेकिन स्थानीय लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता ने सरकार की व्यवस्था पर आरोप लगाया है।

By Baliya Photographer Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 27 Sep 2024 02:28 AM (IST)
Hero Image
बलिया: बलिया रेलवे स्टेशन के गुंबद का टूटा छज्जा।

संवाद सहयोगी, बलिया। शहर में हुई हल्की बूंदाबांदी के बीच गुरुवार को अचानक निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन के गुंबद का छज्जा गिर गया। गुंबद पर लगी कीमती धौलपुरी पत्थर की परत उखड़कर मलबा बन गई। सूचना मिलते ही रेल महकमे और निर्माण एजेंसी में खलबली मच गई। 

तत्काल मौके पर पहुंची टीम गुंबद के मलबे को साफ कराने में जुट गई। इससे मौके पर कोई खतरे वाली बात तो नहीं थी, इसलिए कि छज्जा छत पर ही गिरा था, लेकिन छज्जा गिरने की जानकारी होने पर यात्री मोबाइल से उसका फोटो लेकर वायरल करने लगे और निर्माण कार्य पर सवाल उठाने लगे। 

रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण कार्य के लिए 40 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म विस्तार, शेड निर्माण, नवीन गेट निर्माण, डीलक्स शौचालय, प्रतीक्षालय और यात्री निवास के नवनिर्माण के साथ ही वीवीआईपी रूम, प्रवेश द्वार और प्रमुख बिल्डिंग का सुंदरीकरण कार्य शामिल है। 

निर्माण एजेंसी के द्वारा सुंदरीकरण के तहत धौलपुर से मंगाए गए कीमती और मैचिंग पत्थरों को गुंबद और प्रमुख बिल्डिंग में लगाया गया है। गुंबद का छज्जा इसी पत्थर से बनाया जा रहा है। 

विभाग के अधिकारी इसे सामान्य घटना बताने में जुटे रहे, लेकिन जिले के लोग हो रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। रेल प्रशासन ने गुंबद को पर्दे से ढककर मरम्मत कार्य शुरु कर दिया है।

बलिया स्टेशन पर निर्माण कार्य चल रहा है। गुंबद का छज्जा कुछ दूर का गिरा है। गुंबद के सुंदरीकरण के क्रम में इसे लगाया जा रहा है। बलिया स्टेशन भवन का निर्माण 1905 में हुआ था। इसका सजावटी छज्जा 45 डिग्री के कोण पर झुका हुआ है। एक तरफ के सजावट वाले छज्जे में कुछ दरारें विकसित हुई हैं। उसे हटाकर ठीक किया जा रहा है।

-अशोक कुमार, जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी

सपा के जिला प्रवक्ता ने लगाया आरोप

समाजवादी पार्टी बलिया के जिला प्रवक्ता सुशील कुमार पांडेय ने गुंबद का छज्जा गिरने पर सरकार की व्यवस्था पर आरोप लगाया है। कहा है कि बलिया रेलवे स्टेशन का गुंबद निर्माण के दौरान ही अपनी मजबूती की पोल खोलने लगा है। भाजपा के कार्यकाल में सभी कार्य इसी तरह के हो रहे हैं। इससे सरकार के विकास कार्य की पोल भी खुल रही है।

यह भी पढ़ें: 30 साल पहले मां और भाइयों ने पिता को मारकर आंगन में दफनाया, डीएम के आदेश पर 15 फीट खुदाई में मिला कंकाल

यह भी पढ़ें: यूपी के 93 गांवों में होगी होम स्टे की सुविधा, ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा; लिस्ट में देखिए अपने गांव का नाम