Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ballia Flood: बलिया में लाल निशान के करीब पहुंची गंगा, सरयू के नरम पड़े तेवर; बाढ़ का संकट बरकरार

गंगा में बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत गंगा नदी के किनारे क्षेत्र के प्रभावित होने वाले गांव दुबे छपरा गोपालपुर का निरीक्षण उपजिलाधिकारी बैरिया सुनील कुमार ने नायब तहसीलदार रजनीश सिंह राजस्व निरीक्षक शिव प्रसाद गुप्त एवं लेखपाल गिरजा शंकर पांडेय के साथ किया। एसडीएम ने तटवर्ती ग्रामीणों से वार्ता के पश्चात राजस्व टीम को निर्देशित किया कि नदी के किनारे रहने वाले सभी घरों का संपूर्ण सर्वे कर लें।

By Lovkush Singh Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 08 Aug 2024 08:49 AM (IST)
Hero Image
गोपाल नगर टाड़ी में कटान का दृश्य। जागरण

जागरण संवाददाता, बलिया। गंगा में दो दिनों से तेजी से बढ़ाव हो रहा है। पिछले आठ घंटे में गंगा के जलस्तर में 52 सेमी की वृद्धि हुई है। गंगा के बढ़ाव की रफ्तार अभी भी लगभग सात सेमी प्रति घंटा है। गायघाट मीटर गेज पर बुधवार को शाम चार बजे गंगा का जलस्तर 57.300 मीटर दर्ज किया गया।

यहां खतरा निशान 57.615 मीटर है। गंगा का जलस्तर रात में कभी भी खतरा निशान को पार कर सकता है। तटवर्ती क्षेत्रों में पानी का फैलाव तेजी से होने लगा है। किसानों के खेतों में पानी प्रवेश करने से उनकी सब्जी की फसल नष्ट हो गई है।

पानी अब गांवों की ओर से बढ़ने लगा है। सरयू के जलस्तर में भी फिर से घटाव शुरू हो गया है। सुबह में आठ बजे तूर्तीपार में सरयू का जलस्तर 63.710 मीटर जबकि शाम चार बजे 63.690 मीटर दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ें-मृत्यु के तीन साल बाद मृतक के नाम पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, हाई कोर्ट अवाक

मकान गिरने बंद हुए तो उपजाऊ भूमि निगलने लगी सरयू

सुरेमनपुर दियराचंल के गोपाल नगर टाड़ी व शिवाल मठिया में पिछले 48 घंटे में किसी का भी मकान सरयू नदी में नहीं गिरा, लेकिन कटान का सिलसिला जारी है। दो दिन से नदी किसानों की उपजाऊ भूमि को काट रही है। हालांकि कटान की गति धीमी है, लेकिन किसान लगातार जमीन से हाथ धोते जा रहे हैं।

शिवाल मठिया मल्लाह बस्ती में कुल पांच लोगों के घर अब तक कटान में गिरे हैं। कटान के मुहाने पर खड़े मकानों के लोग अपना आशियाना उजाड़ कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। गोपाल नगर सीत ब्रह्म बाबा के स्थान, मकइया बाबा के स्थान व टेलीफोन टावर गोपाल नगर के निकट कटान हो रहा है।

बचाव कार्य के लिए गांव के निवासी राजकुमार यादव, संजय यादव, मनोज यादव, पवन यादव, अभिमन्यु यादव, गणेश यादव व दर्शन यादव ने जिलाधिकारी बलिया का ध्यान आकृष्ट किया है।

कटान पीड़ितों को बसाने के लिए सीएम को भेजा पत्र

बैरिया क्षेत्र के भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने सुरेमनपुर दियरांचल के शिवाल मठिया व गोपाल नगर में सरयू नदी के कटान से बेघर हुए लोगों को तत्काल आर्थिक सहायता, आवासीय भूमिका पट्टा व प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री को प्रतिवेदन सौंपा है।

इसे भी पढ़ें-बनारस में हर वर्ष 10.2 प्रतिशत मौतों के लिए वायु प्रदूषण जिम्मेदार, शोध में हुआ खुलासा

मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश से प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट तलब की है। सुरेमनपुर दियराचंल के गोपाल नगर टाड़ी व शिवाल मठिया में इस वर्ष कम से कम 50 लोगों का पक्का मकान सरयू नदी में समाहित हो गया है। पिछले साल भी करीब 200 कटान पीड़ितों के मकान नदी में समाहित हो गए थे। उसमें महज सात को आवासीय भूमि का पट्टा दिया गया था।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर