Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

खाटू श्याम की भक्ति में सराबोर भक्तों ने खेली होली

बलरामपुर श्याम ध्वज के साथ खाटू श्याम की यात्रा में शामिल 301 महिलाओं ने फूलों व गुलाल की ह

By JagranEdited By: Updated: Sun, 13 Mar 2022 09:21 PM (IST)
Hero Image
खाटू श्याम की भक्ति में सराबोर भक्तों ने खेली होली

बलरामपुर : श्याम ध्वज के साथ खाटू श्याम की यात्रा में शामिल 301 महिलाओं ने फूलों व गुलाल की होली खेली। भक्त श्याम नाम की करो कमाई, जाप करो तो बढ़ती जाए.. गीत के साथ भगवतीगंज बाजार में श्री श्याम निशान यात्रा धूमधाम से निकाली गई। इस दौरान खाटू श्याम के भक्तों ने अबीर गुलाल उड़ाकर जमकर धमाल मचाया। खाटू श्याम के गीतों पर थिरकते श्रद्धालु श्याम प्रभू की भक्ति में सराबोर दिखे।

श्री श्याम मित्र मंडल के बैनर तले हर साल श्रीश्याम निशानयात्रा निकाली जाती है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली, सभासद संजय कुमार मिश्र, उद्योग व्यापार मंडल भगवतीगंज के अध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल व विश्व हिदू महासंघ के जिला अध्यक्ष गंगा शर्मा की अगुवाई में उतरौला रोड़ स्थित चंद्र प्रकाश राईस मिल से रवाना हुई। श्रीश्याम मित्र मंडल के पदाधिकारी व सदस्यों ने अतिथियों का अंग वस्त्र भेंटकर स्वागत किया। श्याम ध्वजा लेकर महिलाएं व भक्त खाटू श्याम का जयकारा लगाते हुए चल रहीं थी। यात्रा के दौरान श्याम भक्तों ने अबीर गुलाल उड़ाकर फाल्गुन महोत्सव का आगाज किया। यात्रा में शामिल महिलाएं- हाथों में ले श्याम ध्वजा, मन में ले विश्वास.. चंदन है खाटू की माटी, अमृत यहां का नीर.. तथा हारे का सहारा है ये.. आदि गीत व भजन गाकर लोगों को भक्ति के सागर में डुबो दिया। श्री श्याम निशान यात्रा भगवतीगंज के भरत मिलाप चौराहा होते हुए ठाकुर द्वारा मंदिर में पहुंचकर समाप्त हुई। यहां पर विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर यात्रा में शामिल श्याम ध्वज रखे गए। अनिल अग्रवाल, अजय अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, पीयूष गोयल, संजय अग्रवाल, लल्लन चौरसिया, सूरज अग्रवाल, महेश अग्रवाल, महेंद्र केसरवानी व शरद अग्रवाल समेत अन्य श्याम भक्त मौजूद रहे।