Banda News: बांदा में बारिश का कहर, खाना खाते समय गिरी दीवार, दंपती की दबकर मौत
बारिश का कहर जारी है। बांदा में बारिश की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। बारिश से कच्ची दीवार गिर गई जिससे उसमें दबने से दंपती की मौत हो गई। जिस समय हादसा हुआ उस दौरान वो खाना खा रहे थे। हादसे से आसपास हड़कंप मच गया था।
संवाद सहयोगी जागरण, बबेरू(बांदा)। वर्षा के बीच मकान व दीवारों की घटनाएं जोर पकड़े हैं। दो दिनों से लगातार हो रही वर्षा से वर्षा से गीली दीवार व छानी सोमवार दोपहर दो बजे गिरने से खाना खा रहे दंपती की दबकर मौत हो गई। पड़ोसियों की मदद से स्वजन ने एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला। हादसे को लेकर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।
पुलिस व राजस्व निरीक्षकों ने घटनास्थल की जांच कर रिपोर्ट तैयार की है। सांसद कृष्णा पटेल के अलावा, क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव आदि जनप्रतिनिधियों का घटनास्थल में जमावड़ा रहा। उन्हें पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। दिवंगत के स्वजन ने बताया कि काफी समय से कालोनी की मांग की जा रही थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई थी।
बेलदान गांव के मजरा कौहार निवासी 75 वर्षीय रामशरण यादव तीन बीघे जमीन के काश्तकार थे। करीब 15 वर्ष पहले बंटवारा होने से उनकी बहू व नाती अलग रहते हैं। जबकि वृद्ध किसान रामशरण अपनी 70 वर्षीय पत्नी जगदेइया के साथ एक छप्पर के नीचे रहकर गुजर बसर करते थे। दोपहर में जिस समय वृद्ध व उनकी पत्नी साथ में छप्पर के नीचे बैठक खाना खा रहे थे। तभी अचानक वर्षा से भीगी कच्ची दीवार व छप्पर उनके ऊपर ढह गए।
दोनों की चीख सुनकर स्वजन और ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। किसी तरह मशक्कत के बाद जब तक दोनों को बाहर निकाला गया। उनकी सांसें थम चुकी थीं। स्वजन ने बताया कि दिवंगत हुए दंपती के दो बेटे व दो बेटियां हैं। जिसमें दोनों बेटों की भी पूर्व में मौत हो चुकी है।
बबेरू कोतवाली निरीक्षक राजेंद्र सिंह रजावत ने घटनास्थल देखा। उनका कहना है कि वर्षा के चलते अचानक हादसा हुआ है। नायब तहसीलदार मनोहर सिंह ने बताया कि वर्षा के चलते दीवार गिरने से दंपती की मौत हुई है। पीड़ित परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।