Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

वृहद पौधारोपण आज, तैयारियों का लिया जायजा

शासन स्तर पर नामित नोडल अधिकारी ने किया पौधशाला का निरीक्षण। पद्मश्री रामसरन वर्मा के खेत में ड्रैगनफ्रूट देखकर बढ़ाया किसान का हौसला।

By JagranEdited By: Updated: Tue, 05 Jul 2022 12:32 AM (IST)
Hero Image
वृहद पौधारोपण आज, तैयारियों का लिया जायजा

बाराबंकी : जिले में पौधारोपण का कार्य चुनावी तर्ज पर होगा। प्रति दो घंटे पर पौधों के रोपण के आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। इसी क्रम में शासन स्तर पर नामित नोडल अधिकारी नीना शर्मा व मुख्य विकास अधिकारी एकता सिंह ने पौधशाला फतेहपुर खेरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने पौधारोपण की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कल्याणी नदी के तट पर पौधे लगाने की स्थिति देखी।

नोडल अधिकारी ने विशुनपुर में प्रगतिशील किसान गया प्रसाद मौर्य की ड्रैगनफ्रूट की खेती देखकर किसान का हौसला बढ़ाया। जहांगीराबाद में मिश्रीपुर में मत्स्य पालन का हाल देखा। पद्मश्री रामसरन वर्मा के प्रक्षेत्र दौलतपुर जाकर केला, टमाटर की खेती देखी। डीएफओ रुस्तम परवेज, जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार व जिला उद्यान अधिकारी महेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

4,239 स्थानों पर आज रोपे जाएंगे 46 लाख पौधे :

पौधारोपण का महाभियान पांच जुलाई से शुरू होगा। इस दिन 46 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसको लेकर समस्त विभागों ने नर्सरी से पौधे उठाकर पौधरोपण स्थल तक पहुंचाने का कार्य पूरा कर लिया है। सोमवार तक लगभग 54 लाख पौधों की उठान हो चुकी है। मंगलवार सुबह शहर के जेब्रा पार्क में सांसद उपेंद्र सिंह रावत पौधारोपण अभियान की शुरुआत करेंगे। अन्य विभाग, स्कूल व ग्राम पंचायतें मिलकर 4,239 स्थानों पर पौधारोपण करेंगे।

प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोपे जाएंगे 18 सौ पौधे :

हैदरगढ़ खंड विकास अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव ने ब्लाक कार्यालय में पंचायत सचिव, एपीओ व टीए के साथ बैठक की। बीडीओ ने बताया कि हैदरगढ़ ब्लाक की 72 ग्राम पंचायतों में पौधारोपण के लिए वन विभाग की नर्सरी से पौधों का उठान हो चुका है। सार्वजनिक स्थलों पर 1800 पौधे रोपित किए जाएंगे।

वहीं, देवा ब्लाक में मनरेगा स्तर पर 1,63,700 और पंचायती राज की ओर से 35,568 पौधे रोपे जाएंगे। एडीओ पंचायत मो. सलीम ने बताया कि गांवों में पौधे पहुंच चुके हैं।

नहीं हुआ पौधों का उठान

हरख : वन विभाग की पौधाशाला से पौधों की उठान तक नहीं की गई। हरख वन रेंजर संजय श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम पंचायत धौराहरा तथा सतरिख देहात ने पौधे नहीं लिए हैं। बीडीओ को इसकी जानकारी दी गई है।

फैक्ट फाइल

- वन विभाग की नर्सरी - 44

- पौधारोपण के लिए जिम्मेदारी - 27 विभाग

- विभागों को वितरित पौधे - 54 लाख

- पांच जुलाई को रोपित होंगे पौधे - 46 लाख

छह जुलाई को - 4.58 लाख पौधे

सात जुलाई को - 4.58 लाख पौधे

15 अगस्त को - 09 लाख पौधे

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें