Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Politics : सीएम योगी बोले- अयोध्या में राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले सपा के लोगों ने...

योगी ने कहा कि चुनाव जवाब देने का सर्वोत्तम माध्यम है। कांग्रेस-सपा गठबंधन की जमानत चुनाव में जब्त होनी चाहिए। जनसभा में जुटी भीड़ को देखकर गदगद मुख्यमंत्री ने कहा कि सुबह-सुबह इतनी ज्यादा संख्या में लोगों की उपस्थिति इस बात का परिणाम है कि एक बार फिर मोदी सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण तक मोदी लहर थी चौथे चरण में मोदी की सुनामी है।

By Jagran News Edited By: Mohammed Ammar Updated: Mon, 13 May 2024 04:17 PM (IST)
Hero Image
UP Politics : सीएम योगी बोले- अयोध्या में राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले सपा के लोगों ने...

जागरण टीम, बाराबंकी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हैदरगढ़ के ग्राम्यांचल महाविद्यालय परिसर में भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। योगी ने सपा व कांग्रेस गठबंधन की जमानत जब्त करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सपा की सहानुभूति गरीबों के साथ नहीं, बल्कि माफिया के साथ है। अयोध्या में राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले सपा के लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक संवेदना में एक शब्द भी नहीं कहा, जबकि माफिया के मरने पर मातम करने उसके घर तक गए थे।

योगी ने कहा कि चुनाव जवाब देने का सर्वोत्तम माध्यम है। कांग्रेस-सपा गठबंधन की जमानत चुनाव में जब्त होनी चाहिए। जनसभा में जुटी भीड़ को देखकर गदगद मुख्यमंत्री ने कहा कि सुबह-सुबह इतनी ज्यादा संख्या में लोगों की उपस्थिति इस बात का परिणाम है कि एक बार फिर मोदी सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण तक मोदी लहर थी, चौथे चरण में मोदी की सुनामी है। पांचवें चरण में बाराबंकी में मतदान होगा।

परिवर्तन का साक्षी नया भारत 

सीएम योगी ने कहा कि आज नया भारत देश-दुनिया में परिवर्तन का साक्षी है। सीमाएं सुरक्षित हैं। सपा व कांग्रेस के लोग जनता के हितैषी होने का दावा करते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि इनके शासन में गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था। नौजवान परेशान थे। विकास कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। मोदी सरकार में 80 करोड़ लोगों को राशन मुफ्त में दिया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड से 60 करोड़ लोग लाभान्वित हैं।

जारी रहेगी किसान सम्मान निधि 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व की भाजपा सरकार में किसानों को खाद, बीज व पानी किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। किसान सम्मान निधि आगे भी जारी रहेगी। मोदी सरकार ने 12 करोड़ शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान देने का काम किया। 10 करोड़ रसोई गैस कनेक्शन दिए गए। चार करोड़ लोगों के पक्के मकान बने। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसी की जाति व धर्म पूछकर नहीं दिया। सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर काम किया। गांव-गरीब, किसान व नौजवान सबका सम्मान किया गया।

कांग्रेस के शासन में रही लूट

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी ने आत्मनिर्भर भारत बनाया है। मोदी सरकार की उपलब्धियों की लंबी सूची है। दूसरी ओर कांग्रेस शासन के 70 साल लूट खसोट के रहे हैं। भारत ने 10 वर्ष में नए कीर्तिमान स्थापित किए है। एससी, एससी एसटी व ओबीसी आरक्षण के मामले में भी जस्टिस रंगनाथन की रिपोर्ट को लागू नहीं करने का आरोप भी योगी ने कांग्रेस पर लगाया।

मुख्यमंत्री के साथ मंच पर खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्वेता सिंह, पूर्व सांसद बैजनाथ रावत, चेयरमैन आलोक तिवारी, सिद्धार्थ अवस्थी, पंकज दीक्षित, रामदेव सिंह, सुनील सिंह आदि मौजूद रहे।

गर्मी ने भीड़ को किया बेहाल

मुख्यमंत्री की जनसभा में गर्मी के कारण लोग बेहाल दिखे। मुख्यमंत्री करीब साढ़े 10 बजे आए। धूप थी, हवा भी नहीं चल रही थी। ऐसे में पंडाल के बाहर जो लोग खड़े थे, वह गर्मी से परेशान हो गए। हालांकि, पानी की व्यवस्था परिसर में थी। ग्राम्यांचल महाविद्यालय के सामने लखनऊ-सुलतानपुर मार्ग भी जाम की स्थिति बनी रही है। सड़क के दोनों ओर दुपहिया व चारपहिया वाहनों का जमावड़ा रहा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें