Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bareilly Police : ड्रग माफिया उस्मान के दामाद ने मांगी 50 लाख रंगदारी, पुलिस ने किया यह खुलासा

अंकिश त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि शाहजहांपुर रोड पर मोहनपुर में करीब तीन बीघा चार विश्वा जमीन हैं जो उन्होंने करीब दो वर्ष पहले खरीदी थी। वहां पर उन्होंने चौकीदार को रहने के लिए दो कमरे भी बना दिए हैं। आरोप है कि जब भी वह इस संपत्ति पर निर्माण कार्य कराने की कोशिश करते हैं तो ड्रग माफिया उस्मान का दामाद जाकिर प्रधान हस्तक्षेप शुरू कर देता है।

By Rajnesh Saxena Edited By: Mohammed Ammar Updated: Sat, 08 Jun 2024 10:09 PM (IST)
Hero Image
ड्रग माफिया उस्मान के दामाद ने मांगी 50 लाख रंगदारी

जागरण संवाददाता, बरेली : ड्रग माफिया उस्मान तस्कर के दामाद जाकिर प्रधान ने चौधरी मोहल्ला निवासी अंकिश त्रिपाठी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। इसमें से दो लाख रुपये वसूल भी लिए हैं। बाकी 48 लाख रुपये जल्द नहीं देने पर काम न करने की धमकी भी दी है।

आरोपितों ने पीड़ित की संपत्ति में घुसकर मिस्त्री मजदूरों को धमकाया और वहां रह रही महिलाओं के साथ भी अभद्रता और छेड़छाड़ की। आइजी के आदेश पर कैंट थाने में जाकिर प्रधान, वाजिद, आसिफ समेत 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। पुलिस का कहना हैं कि मामले में जांच की जा रही है।

कैंट के चौधरी मोहल्ला निवासी अंकिश त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि, शाहजहांपुर रोड पर मोहनपुर में करीब तीन बीघा, चार विश्वा जमीन हैं जो उन्होंने करीब दो वर्ष पहले खरीदी थी। वहां पर उन्होंने चौकीदार को रहने के लिए दो कमरे भी बना दिए हैं। आरोप है कि जब भी वह इस संपत्ति पर निर्माण कार्य कराने की कोशिश करते हैं तो ड्रग माफिया उस्मान का दामाद जाकिर प्रधान हस्तक्षेप शुरू कर देता है।

आरोपित के गुर्गे भी अलग-अलग तरह से वसूली करते हैं। इसके बाद भी आरोपित की दखलअंदाजी कम नहीं होती। अंकिश का आरोप है कि आरोपित जाकिर प्रधान ने असलाह के बल पर 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। मजबूरी में पीड़ित ने 28 मई को किसी तरह से दो लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपित जाकिर प्रधान ने एक लिखत भी दी कहा, कि जल्द ही 48 लाख रुपये का इंतजाम करना होगा।

यदि वह नहीं दिया तो कोई भी निर्माण कार्य नहीं करा पाएंगे। आरोप है कि, शुक्रवार को अंकिश अपनी संपत्ति पर निर्माण कार्य करा रहे थे। उसी दौरान जाकिर प्रधान अपने भाइयों वाजिद एवं आसिफ के साथ करीब 50 लोगों को लेकर आया और संपत्ति में घुसकर वहां काम कर रहे मजदूर मिस्त्री को धमकाकर भगा दिया।

वहां मौजूद महिलाओं से भी अभद्रता और छेड़छाड़ की। असलाह के दम पर निर्माण कार्य रुकवा दिया और जानलेवा हमला भी कर दिया। किसी तरह से पीड़ित ने भागकर जान बचाई। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी अंकिश ने पुलिस को सौंपी हैं। मामले में आइजी के आदेश पर कैंट थाने में जाकिर प्रधान, उसके भाई वाजिद एवं आसिफ के साथ ही 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है।

अब समाजवादी का जलवा, मुख्यमंत्री भी कुछ नहीं कर पाएंगे

अंकिश का आरोप है कि आरोपित अपने साथियों के साथ उनकी संपत्ति में घुसा और कहा कि अब देश में समाजवादी का जलवा है। मुख्यमंत्री भी अब कुछ नहीं कर सकेंगे। अगर संपत्ति पर निर्माण करना हैं तो 50 लाख रुपये रंगदारी देनी ही होगी। वरना कोई भी निर्माण कार्य नहीं होगा।

प्रथम दृष्टिया घटना सही लग रही है। मामले में प्राथमिकी हो गई साक्ष्य एकत्र कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।

-- जेएन पांडेय, इंस्पेक्टर कैंट।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें