Move to Jagran APP

बरेली से कासगंज का सफर अब होगा आसान, फोरलेन का हो जाएगा कासगंज-बदायूं मार्ग, जानें कब तक होगा बनकर तैयार

Journey from Bareilly to Kasganj केंद्र सरकार ने बरेली-मथुरा राजमार्ग को अब राष्ट्रीय राजमार्ग में तब्दील कर दिया है। कासगंज-बदायूं मार्ग 57 किमी तक फोरलेन करने के लिए केंद्र सरकार ने 2221 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत कर दिया है। जिले का यह पहला राष्ट्रीय राजमार्ग है।

By Samanvay PandeyEdited By: Updated: Sun, 09 Jan 2022 01:58 PM (IST)
Hero Image
राष्ट्रीय राजमार्ग में तब्दील होने के बाद 57 किमी बनेगा फोरलेन, 2221 करोड़ का बजट जारी।
बदायूं, जेएनएन। Journey from Bareilly to Kasganj : केंद्र सरकार ने बरेली-मथुरा राजमार्ग को अब राष्ट्रीय राजमार्ग में तब्दील कर दिया है। कासगंज-बदायूं मार्ग 57 किमी तक फोरलेन करने के लिए केंद्र सरकार ने 2221 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत कर दिया है। जिले का यह पहला राष्ट्रीय राजमार्ग बन गया है। अब सड़क के मानक बदल जाएंगे। अभी तक बदायूं से कासगंज तक सड़क मार्ग से आवागमन आसान नहीं है, लेकिन फोरलेन बन जाने से सफर सुहाना हो जाएगा। बरेली से बदायूं तक यह रोड पहले से फोरलेन बन चुका है।

पिछले दिनों इस रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग की घोषणा की गई थी। अब इस सड़क की निगरानी और निर्माण की जिम्मेदारी एनएचआई के पास पहुंच गई है। राजमार्ग की अपेक्षा राष्ट्रीय राजमार्ग के मानक बदल जाते हैं। जिले का यह पहला राष्ट्रीय राजमार्ग बना है, लोक निर्माण विभाग ने इस रोड से संबंधित पत्रावलियों को पहले ही एनएचआई के हैंडओवर कर दिया था। बीते सात जनवरी को केेंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसके लिए पहली बार बजट जारी कर शिलान्यास भी कर दिया है। उम्मीद की जा रही है कि कुछ ही दिनों में बदायूं से लेकर कासगंज तक यह रोड फोरलेन बन जाएगी।

इससे जहां कासगंज, मथुरा और आगरा तक आना-जाना आसान हो जाएगा वहीं दूसरी ओर बरेली, नैनीताल तक का सड़क मार्ग से आने-जाने में सहूलियत बढ़ जाएगी। कछला, बुटला, उझानी में सड़क चौड़ीकरण कराने के लिए तोड़ेफोड़ भी कराई जा सकती है। बदायूं शहर के बाहर पहले से फोरलेन बाईपास निकल चुका है, इसलिए यहां कोई दिक्कत नहीं आएगी। जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे भी निकल रहा है। बिनावर के पास यह फोरलेन एक्सप्रेस-वे से भी जुड़ जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग से एक्सप्रेस-वे का जुड़ाव हो जाएगा ताे पश्चिम में मेरठ तक तो पूरब में प्रयागराज तक का सफर भी आसान हो जाएगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।