Move to Jagran APP

UP News: बरेली सेंट्रल जेल से फरार हत्यारा हरपाल पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, 25 हजार का था इनामी

Bareilly Crime News Update हरपाल 10 अक्टूबर को शाम चार बजे जेल की कृषि भूमि से फरार हो गया था। पुलिस को सूचना मिली थी वो जंगल में छुपा है। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो हरपाल ने फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें एक गोली हरपाल के सीधे पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे पकड़ लिया गया।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Tue, 15 Oct 2024 01:56 PM (IST)
Hero Image
Bareilly News: मुठभेड़ के बाद उसे उठाकर लाते पुलिसकर्मी।

जागरण संवाददाता, बरेली। Bareilly News: सेंट्रल जेल से फरार हत्यारे हरपाल को इज्ज्तनगर पुलिस ने मुठभेड़ में सोमवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। हत्यारे को पकड़ने पहुंची टीम पर हरपाल ने अदलखिया जंगल से फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें उसे गोली लगी।

मूलरूप से फतेहगंज पूर्वी के खनी नवादा गांव का रहने वाले हरपाल को पिछले वर्ष आजीवन कारावास की सजा हुई थी। इसके बाद उसे 2023 में दो जुलाई को सेंट्रल जेल भेजा गया था।

गोली मारने के आरोप में मिली थी सजा

हरपाल ने वर्ष 2017 में लिंटर डालने पर हुए एक विवाद में अपने साथियों गिरीश व रघुवर के साथ मिलकर सोनपाल की गोली मारकर हत्या की थी। जेल पहुंचने के बाद उससे कृषि कार्य कराया जाने लगा। हर दिन की तरह 10 अक्टूबर को उसे कृषि कार्य के लिए जेल से बाहर लाया गया। मौका देखकर शाम करीब चार बजे वह फरार हो गया। इज्जतनगर थाने में हरपाल समेत जेल वार्डर अजय कुमार प्रथम, कृषि सुपरवाइजर अनिल कुमार व फार्म लिपिक धर्मेंद्र कुमार के विरुद्ध भी प्राथमिकी लिखी गई। क्योंकि जिस दिन वह फरार हुआ उस दिन ड्यूटी पर इन्हीं लोगों की जिम्मेदारी थी।

एसएसपी ने घाेषित किया था 25 हजार का इनाम

प्राथमिकी लिखने के बाद पुलिस ने आरोपित को तलाश करना शुरू किया। जब नहीं मिला तो रविवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने हरपाल पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। इसके बाद एसओजी और पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए और तेजी से जुट गईं। सोमवार देर शाम इज्जतनगर पुलिस को सूचना मिली कि फरार हत्यारा अहलादपुर चौकी क्षेत्र में अदलखिया जंगल में है।

पुलिस पर किया फायर

पुलिस जब उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो हरपाल ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए हत्यारे पर फायरिंग की तो एक गोली उसके सीधे पैर में लगी। जिससे वह मौके पर गिर गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्यारे के पास से पुलिस ने एक मोटर साइकिल, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस आदि बरामद किए। घायल हरपाल को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके ठीक होने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।

बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य।

हरपाल की पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध

इस पूरे प्रकरण में हरपाल की पत्नी नगीना देवी की भी भूमिका पुलिस को संदिग्ध लग रही है। वह थाना कैंट के ग्रास मंडी में अपने चार बच्चों के साथ रह रही थी। जब से हरपाल जेल से फरार हुआ था। तब से उसकी पत्नी फरार हो गई। इसलिए पुलिस को उसकी भूमिका भी संदिग्ध लगी है। पुलिस अब उसकी भी तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक वह पकड़ में नहीं आई है।

ये भी पढ़ेंः रिफाइंड, वनस्पति घी और दूध पाउडर से बना रहे थे नकली देशी घी, सहारनपुर में 'शुद्ध घी' की फैक्ट्री पकड़ी

ये भी पढ़ेंः Vande Bharat के ब्रेकफास्ट में निकले कीड़े, मेरठ से लखनऊ जा रही थी ट्रेन, यात्री ने की IRCTC से शिकायत

फरार आरोपित रमेंद्र की भी तलाश

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्यारे हरपाल की मदद उसका एक साथी रमेंद्र पाल भी कर रहा था। वह मूल रूप से बदायूं के थाना दातागंज के हाफिजगंज निवासी है। वर्तमान में वह थाना कैंट के ग्रास मंडी में रहा है। वह भी घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी भी तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि, उसकी कई बार उससे बातचीत भी हुई थी। जेल में भी उसका आना जाना लगा हुआ था।

प्रकरण में जेल वार्डर हो चुके निलंबित

जिस दिन हत्यारा हरपाल जेल से फरार हुआ था। उस दिन जेल से कृषि कार्य के लिए अन्य करीब 40 बंदी और कैदियों को भी निकाला गया था। हरपाल की निगरानी के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदारी जेल वार्डर अजय कुमार (प्रथम) की थी। इसलिए घटना के बाद जेल प्रबंधन ने सबसे पहले उसे निलंबित किया। उसके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी। इसके बाद शासन ने भी पूरे प्रकरण में विस्तृत रिपोर्ट तलब कर ली जो जेल प्रबंधन तैयार करके भेज रहा है।  

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।