Move to Jagran APP

Smart City: बरेली में सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे 111 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, तैयारियों में जुटे अफसर

जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से बनकर तैयार स्मार्ट सिटी की दो दर्जन से अधिक परियाेजनाएं नवंबर माह में शुरू होने की उम्मीद जगी है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय मांगा गया है।

By Jagran NewsEdited By: Ravi MishraUpdated: Fri, 28 Oct 2022 06:58 AM (IST)
Hero Image
Smart City : बरेली में सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे 111 करोड़ की परियोजनाओं का उदघाटन, तैयारियों में जुटे अफसर
बरेली, जागरण संवाददाता। Bareilly Smart City Project : जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से बनकर तैयार स्मार्ट सिटी (Smart City) की दो दर्जन से अधिक परियाेजनाएं नवंबर माह में शुरू होने की उम्मीद जगी है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Aditya Nath) से समय मांगा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से भी सकारात्मक उत्तर मिलने के बाद अफसर तैयारियों में जुट गए हैं।

शुक्रवार को मंडलायुक्त इन परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में 970 करोड़ रुपये से काम कराए जा रहे हैं। वर्ष 2018-19 से चल रही योजना में सड़क चौड़ीकरण, चौराहा सुंदरीकरण, अर्बन हाट, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, लाइट एंड साउंड शो, मल्टीमीडिया लेजर शो समेत 63 परियाेजना शामिल है।

इनमें दर्जन भर से अधिक परियोजनाएं करीब एक माह से अधिक समय से पूरी हो चुकी हैं। इनके शुभारंभ के लिए अधिकारी लगातार मुख्यमंत्री से समय मांग रहे हैं। अब मुख्यमंत्री कार्यालय से मुख्यमंत्री के आगमन के संकेत मिलते ही अफसर युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुट गए हैं।

इसको लेकर मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार शुक्रवार को पूरे हो चुके परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगी। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवंबर के पहले सप्ताह में शहर में आ सकते हैं, लेकिन अधिकारी अभी कोई भी तिथि स्पष्ट नहीं होने की बात कर रहे हैं।

इन परियोजनाओं का होगा उद्घाटन

मल्टीलेवल कार पार्किंग, भूलभुलैया, लेजर फाउंटेन, लाइट एंड साउंड शो, घंटाघर सौंदर्यीकरण, सी लाउंज, फसाड लाइटिंग, म्यूजिक फाउंटेन, पार्क सुंदरीकरण, ट्रासंफर स्टेशन, संजय कम्युनिटी सरोवर समेत दर्जन भर से अधिक परियोजनाएं अब तक पूरी हो चुकी हैं।

स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि अब तक 33 से अधिक परियोजनाएं पूरी कर ली गई हैं। दिसंबर अंत तक 60 और मार्च 2023 तक सभी प्रोजेक्ट पूरे कर लिए जाएंगे।

आइसीसीसी का प्रधानमंत्री कर चुके उद्घाटन

नगर निगम (Nagar Nigam) की नई बिल्डिंग में बने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने साल भर पहले लखनऊ से आनलाइन उद्घाटन किया था। 163 करोड़ के इस प्रोजेक्ट में सर्विलांस सिस्टम, इंट्रीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, इमरजेंसी काल बाक्स, पब्लिक वाइफाइ शामिल हैं।

टिकट का मूल्य हो चुका है तय

स्मार्ट सिटी कंपनी ने पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रोजेक्टों के टिकट का रेट भी तय कर दिया है, हालांकि इसे बोर्ड की मंजूरी मिलना बाकी है। मुख्य अभियंता भूपेश कुमार सिंह ने बताया कि भूल-भुलैया के लिए 20, फाउंटेन शो के लिए 30 रुपये तय किए गए हैं। वहीं लाइट एंड साउंड शो के 50 रुपये तय किए गए हैं।

स्मार्ट सिटी के पूरे हो चुके प्रोजेक्ट का उद्घाटन मुख्यमंत्री से कराने की योजना है। हालांकि अभी तारीख तय नहीं है। शुक्रवार को सभी परियोजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा। संयुक्ता समद्दार, मंडलायुक्त 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।