Move to Jagran APP

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच राम भरोसे, यात्री बिना जांच पहुंच रहे घर

मुंबई दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों से पहुंची ट्रेनें कई ट्रेनों के यात्रियों की जांच नहीं हुई

By JagranEdited By: Updated: Fri, 23 Apr 2021 11:21 PM (IST)
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच राम भरोसे, यात्री बिना जांच पहुंच रहे घर
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच राम भरोसे, यात्री बिना जांच पहुंच रहे घर

जागरण संवाददाता, बस्ती : मुंबई, दिल्ली, गुजरात समेत विभिन्न राज्यों से आने वाली ट्रेनों से जो यात्री बस्ती स्टेशन पर उतर रहे हैं उनकी कोविड जांच अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन स्टेशन पर यात्रियों की जांच राम भरोसे है। ट्रेन से उतरने वाले यात्री बिना किसी रोक-टोक के सीधे घर के लिए रवाना हो जा रहे हैं। कई ट्रेन स्टेशन पर पहुंची और उस वक्त स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके से नदारद रही।

स्टेशन पर हर दिन 15 से अधिक ट्रेनें पहुंच रही हैं। इसमें सर्वाधिक ट्रेनें से मुंबई से आ रही हैं। वहीं विभाग का दावा है कि सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक 186 यात्रियों की जांच हुई, जिसमें 15 पाजिटिव पाए गए। संक्रमितों को डूडा कार्यालय स्थित एल-वन अस्पताल आश्रय स्थल बस्ती में भेजा गया है। बताया गया कि स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों की पहले थर्मल स्क्रीनिग कराई जा रही थी। संदिग्ध दिखने वाले यात्रियों की कोविड जांच कराई गई। वैसे जिले में हर दिन तीन से चार हजार यात्री घर वापसी कर रहे हैं। कोई पंचायत चुनाव के लिए तो कोई शादी-विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गांव लौट रहा है। इसमें सर्वाधिक यात्री मुंबई से लौट रहे हैं। लेकिन अधिकतर यात्री बिना जांच के घर चले जा रहे हैं। जिससे लोग डरे हुए हैं। व्यवस्था पर लोग सवाल उठा रहे हैं। सीनियर एलटी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में जांच कार्य हो रहा है। शुक्रवार को दोपहर सवा दो बजे स्टेशन पर स्पेशनल ट्रेन एलटीटी मुंबई से पहुंची। बड़ी संख्या में यात्री उतरे, लेकिन कोविड जांच टीम यहां से नदारद रही। स्टाल सूना पड़ा रहा। सीएमओ डा. अनूप कुमार के अनुसार स्टेशन पर सभी ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों की जांच कराई जा रही है।