Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चर्च स्थापना के सौवें साल में घर लौटे राजा फ्रांसिस जेवियर

By Edited By: Updated: Mon, 22 Apr 2013 10:20 PM (IST)
Hero Image

बिजनौर : राजा का ताजपुर स्थित ऐतिहासिक सेक्रेड हार्ट चर्च इस साल स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर रहा है। इस मौके के भव्य आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। खास बात यह है कि चर्च के संस्थापक राजा फ्रांसिस जेवियर की अस्थियों का कुछ हिस्सा बेंगलूर से यहां पहुंच गया है। चर्च में उनकी कब्र स्थापित की जाएगी।

सेक्रेड हार्ट चर्च ऐतिहासिक चर्च है। इसका निर्माण राजा फ्रांसिस जेवियर रिख ने 1913 में कराया था। वह राजा का ताजपुर के प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखते थे। उन्होंने और उनके भाई नोरवर्ट रिख ने कैथोलिक धर्म स्वीकार कर लिया था। चर्च के निर्माण में नोरवर्ट रिख का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। राजा फ्रांसिस जेवियर रिख का निधन 1942 में बेंगलूर में हुआ। उनके शव को वहीं के कब्रिस्तान में दफनाया गया था। इस साल सेक्रेड हार्ट चर्च स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर रहा है। नवंबर में विशेष आयोजन की तैयारी है। इसमें मेरठ प्रांत के बिशप सहित कई ईसाई धर्मगुरु शामिल होंगे। समारोह के आयोजन से पूर्व चूना मिट्टी से बने इस चर्च में आई दरारों को भरने का कार्य इटली की सिविल इंजीनियरों के निर्देशन में युद्ध स्तर पर चल रहा है। विशेष किस्म के कली व चूने के मिश्रण में सीमेंट का बिल्कुल भी प्रयोग नहीं हो रहा है।

चर्च के फादर जोजफ बताते हैं कि राजा फ्रांसिस जेवियर के ब्रिटेन में रह रहे परिजन सौंवे साल में उनकी अस्थियों को राजा का ताजपुर लाने को प्रयासरत थे। सभी औपचारिकताएं पूरे करने के बाद इसकी अनुमति मिल गई। अस्थियों का कुछ हिस्सा यहां पहुंच गया है। शेष हिस्सा बेंगलूर में ही दफन रहेगा। चर्च के सौवें साल के समारोह के वर्ष में यह राजा का अपने घर लौटने जैसा है। इसकी उन्हें और क्षेत्र वासियों को बहुत खुशी है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर