Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News: कार्यकर्ता की बाइक सीज करने पर भाकियू में उबाल, कई जगह लगाया जाम

देर रात मंडावर रोड पर चक्कर चौराहे पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने एक बाइक को सीज किए जाने के विरोध में धरना प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। पुलिस और किसान नेताओं के बीच कई दौर की वार्ता के बाद पुलिस ने सीज बाइक की चाबी सौंप दी और धरना समाप्त हो गया। इस घटना के कारण चक्कर रोड और मंडावर रोड पर यातायात प्रभावित हुआ।

By Ajeet Chaudhary Edited By: Abhishek Pandey Updated: Thu, 22 Aug 2024 03:13 PM (IST)
Hero Image
सड़क पर धरना देते भाकियू कार्यकर्ता (फोटो- जागरण)

जागरण संवाददाता, बिजनौर। चेकिंग के दौरान एक कार्यकर्ता की बाइक सीज किए जाने को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। यूनियन के जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी मंडावर रोड चक्कर चौराहे पर धरना लगाकर बैठ गए जिससे चक्कर रोड और मंडावर रोड पर जाम लगा दिया। इसके अलावा नूरपुर नांगल समेत कई जगह सड़क पर धरना शुरू कर दिया गया। दो घंटे धरने और हंगामा के बाद सीज बाइक की चाबी सौंपने पर देर रात धरना समाप्त कर दिया गया।

बुधवार की देर रात मंडावर रोड पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट लगी एक बाइक वहां से गुजरी, जिसे पुलिस ने रोक लिया और उसे सीज कर दिया। उक्त बाइक किसान यूनियन के कार्यकर्ता की थी ।

चौराहे पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम

इस दौरान कार्यकर्ता ने भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सोनू चौधरी से बात करने का प्रयास किया, लेकिन दारोगा ने फोन नहीं सुना। बाइक सीज होने की सूचना मिलते ही किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सोनू अपने पदाधिकारी के साथ मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने मंडावर चौराहे पर धरना प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया।

किसान यूनियन के धरना प्रदर्शन की वजह से चक्कर रोड पर वाहनों की कतार लग गई। उधर बिजनौर से मंडावर रोड भी बंद हो गई। आनन फानन में पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन करने के लिए बिजनौर शहर में चल रही नुमाइश बंद करने के आदेश जारी किए। जिलाध्यक्ष के आव्हान पर अन्य थाना क्षेत्र में भी चक्का जाम कर दिया गया। शहर कोतवाल और किसान नेताओं के बीच रात में कई बार वार्ता हुई।

बाइक लौटाने पर कार्यकर्ताओं ने धरना किया खत्म

पुलिस की ओर से बाइक की चाबी सौंपने पर भारतीय यूनियन यूनियन के कार्यकर्ता माने और धरने से उठ गए। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि बिना नंबर प्लेट लगी एक बाइक को सीज किया गया था। जिसे लेकर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया है। बातचीत के बाद हल निकाल दिया गया है। कुछ देर बाद जाम खत्म हो गया था ।