Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News: भाजपा नेता के बेटे ने घर में घुसकर बुजुर्ग पर बरसाए थप्पड़, वीडियो हो रहा वायरल

यूपी के बिजनौर में भाजपा चेयरपर्सन के बेटे द्वारा बुजुर्ग से मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर एक्स या अन्य इंटरनेट प्लेटफार्म पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे है। घटना जनपद से लेकर दूर दूर तक चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं भाजपा नेता ने कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते फुटेज के साथ छेड़छाड़ करके फर्जी साक्ष्य बनाया गया हो।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Thu, 25 Jul 2024 11:36 PM (IST)
Hero Image
बिजनौर में सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ बुजुर्ग को पीटता चेयरपर्सन का पुत्र। सौजन्य- वीडियो ग्रैब

जागरण संवाददाता, बिजनौर। नगर पालिका बिजनौर की चेयरपर्सन और भाजपा नेता के बेटे ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। बुजुर्ग को थप्पड़ मारे, धमकी भी दी। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आरोपी के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नेत्र चिकित्सक भी है। 

भाजपा नेता के अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टर की बेटी की शादी पीड़ित पक्ष के बेटे से हुई थी। विवाद के चलते पति-पत्नी अलग रह रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव है। आरोपी लड़की पक्ष की पैरवी कर रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच शुरू कर दी है।

यह है पूरा मामला

बिजनौर नगर पालिका की चेयरपर्सन इंदिरा सिंह और भाजपा नेता बीरबल सिंह के बेटे डॉक्टर अभिनव सिंह नेत्र चिकित्सक है। जजी के चौराहे पर उसका क्लीनिक है। डॉक्टर बीरबल सिंह का मंडावर रोड पर नर्सिंग होम है। 

आरोप है कि मंगलवार सुबह डॉक्टर अभिनव पड़ोस रहने वाले मंडावर रोड स्थित सिविल लाइन कालोनी निवासी अवधेश प्रताप सिंह के घर में पहुंच गए। घर में घुसकर अवधेश सिंह के साथ मारपीट की। बीच-बचाव में उनकी पत्नी आई तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की। डॉक्टर अभिनव ने जमकर हंगामा किया। जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह समझा बुझाकर मामला शांत किया गया। 

पीड़ित की तहरीर पर शहर कोतवाली में आरोपी अभिनव के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट की धारा में मुकदमा कराया है। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी बुजुर्ग को थप्पड़ मार रहा है। 

पीड़ित अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि उसके बेटे विभोर राणा की शादी भाजपा नेता डॉक्टर बीरबल सिंह के अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टर तेजपाल सिंह की बेटी के साथ 30 नवंबर 2020 में हुई थी। 

दंपती में कुछ समय से विवाद चल रहा है। पति-पत्नी 2022 से अलग-अलग रह रहे हैं। कई बार पंचायत हो चुकी है, लेकिन हल नहीं निकला। तेजपाल डॉक्टर बीरबल का रिश्तेदार भी है। इसी वजह से अभिनव उनसे रंजिश रखता है। इसी वजह से उनके साथ मारपीट की गई।

भांजी को परेशान करते हैं ससुराल वाले

अवधेश प्रताप सिंह के पुत्र की हमारी भांजी के साथ शादी हुई थी। लड़की का पति उसके साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट करता था। इसी कारण लड़की दो वर्ष से मायके में रह रही है। कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन ससुराल वाले मानने को तैयार नहीं है। हमारा पुत्र अभिनव वहां बातचीत के लिए गया था। वहीं दोनों पक्षों में कुछ विवाद हुआ है। मैने अभी सीसीटीवी फुटेज नहीं देखी है। संभव है कि राजनीतिक द्वेष के चलते फुटेज के साथ छेड़छाड़ करके फर्जी साक्ष्य बनाया गया हो।

-डाॅ. बीरबल सिंह, भाजपा नेता 

अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। शहर कोतवाल उदय प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हुई है, जिसमें वृद्ध से मारपीट की जा रही है।

यह भी पढ़ें: पूरी पुलिस चौकी एक झटके में सस्पेंड, ADG और DIG ने ट्रक पर सवार होकर मारा छापा, दो पुलिसकर्मी समेत 16 गिरफ्तार

यह भी पढ़ें: भारी मिस्टेक हो गया सर… माफ कर दीजिए साहब! नीलामी में ‘जीरो’ बढ़ाकर लगाई बोली, अब क्यों मांग रहे माफी