Move to Jagran APP

कोर्ट में बुर्का पहनकर आई हिंदू महिला… मच गई खलबली, डीएम को बताई पूरी हकीकत

UP News- बुलंदशहर में एक हिंदू महिला ने दबंगों के डर से नायब तहसीलदार की कोर्ट में बुर्का पहनकर पहुंची। उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर जमीन पर अवैध कब्जा और मारपीट का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद डीएम ने पीड़ित महिला के साथ अन्याय नहीं होने देने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 25 Oct 2024 11:25 PM (IST)
Hero Image
महिला का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। दबंगों के डर से एक हिंदू महिला बुर्का पहनकर नायब तहसीलदार की कोर्ट में पहुंची। उसने दूसरे पक्ष पर कर्मचारियों से साठगांठ किए जाने का आरोप लगाया। वहीं, पीड़ित महिला की ओर से डीएम को लिखे पत्र में ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी जमीन पर कुछ लोग अवैध निर्माण कार्य एवं कब्जा कर रहे हैं। 

डीएम चन्द्रप्रकाश सिंह ने पीड़ित महिला के साथ अन्याय नहीं होने देने की बात कही है। सुनीता शुक्रवार को दबंगों के डर से अपनी पहचान छुपाने के लिए शिकारपुर स्थित नायब तहसीलदार की कोर्ट में बुर्का पहनकर पहुंची। 

उसका कहना है कि कोर्ट में इसका एक जमीनी विवाद चल रहा है। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। वह मुकदमे की पैरवी करने आती है तो उसके साथ मारपीट करते हैं। 

नायब तहसीलदार न्यायालय द्वारा अंतिम आदेश तक निर्माण कार्य व क्रय-विक्रय रोकने का आदेश कर दिया गया है, जिसका परवाना भी जारी किया जा चुका है। परंतु तहसील कर्मचारी आदेश को खतौनी में नहीं चढ़ा रहे। 

महिला के अधिवक्ता मूल कुमार गौड़ ने कहा कि महिला दबंगों के डर से बुर्का पहनकर गई थी। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, सीओ शिकारपुर को जांच के निर्देश दिए हैं। जो भी दोषी होगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नशे में महिलाओं से की छेड़खानी, मुकदमा दर्ज

बुलंदशहर। मुरसाना गांव में शराब के नशे में चार लोगों ने महिलाओं के साथ छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर शराबी अभद्रता करने लगे। ग्रामीणों के आने पर आरोपित धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

ग्रामीणों के मुताबिक गांव मुरसाना में शराब पीने वालों का आतंक रहता है। गांव स्थित खड़क सिंह चौराहा के पास गांव के लोग आए दिन शराब पीते हैं। शराब के नशे में होने पर लोग वहां से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता करते हैं। कई बार शराबी लोग महिलाओं के साथ अभद्रता कर चुके हैं। 

दो दिन पहले शराब के नशे में गांव के खड़का सिंह चौराहे पर रघुराज, हर्ष, अनिल उर्फ छोटे व साधू ने महिलाओं के साथ छेड़खानी की। घटना की शिकायत मुरसाना निवासी कालू सिंह ने की है, जिस पर कोतवाली देहात ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: यूपी के शेरों को ‘दुल्हन’ की तलाश, बच्चे पैदा करने के लिए खानदानी शेरनियों से नहीं होगी मेटिंग… जानिए वजह!

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।