Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

किसान आंदोलन को लेकर यूनियन के दो गुटों में टकराव; पदाधिकारी को मूंछ पकड़कर उठाया, जमीन पर पटककर कर दी पेशाब

एक गुट के पदाधिकारी से दूसरे गुट के तीन लोगों ने एक गांव में आयोजित किसान यूनियन की पंचायत में जाने से नाराज हो गए। तीनों ने पदाधिकारी की मूंछ पकड़कर उठा लिया और फिर जमीन पर पटककर उसके ऊपर पेशाब किया। वहीं दूसरे गुट के पदाधिकारी ने तीनों पर पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

By Jagran News Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Fri, 16 Feb 2024 01:23 PM (IST)
Hero Image
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। जागरण

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। खानपुर थाना क्षेत्र के गांव में किसान यूनियन के दो गुट से जुड़े पदाधिकारियों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एक गुट के पदाधिकारी से दूसरे गुट के तीन लोगों एक गांव में आयोजित किसान यूनियन की पंचायत में जाने से नाराज हो गए। तीनों ने दूसरे गुट के पदाधिकारी की मूंछ पकड़कर उठा लिया और फिर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसके ऊपर पेशाब किया।

वहीं दूसरे गुट के पदाधिकारी ने तीनों पर पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों पक्ष किसान यूनियन के दो गुटों से जुड़े हैं और पदाधिकारी हैं। पुलिस भी किसान यूनियन की राजनीति को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बता रही है।

थाना क्षेत्र के गांव निवासी भाकियू महाशक्ति के पदाधिकारी ने बताया कि वह 13 फरवरी की सुबह साढ़े नौ बजे घर से निकाल कर अपने पुत्र से मिलाई करने के लिए बुलंदशहर कारागार में जा रहा था। इसी दौरान गांव निवासी भाकियू अराजनैतिक से जुड़े एक पदाधिकारी समेत तीन ने उससे दूसरे गांव में किसान यूनियन की पंचायत में जाने के बारे में उससे पूछा।

इस पर उसने पंचायत में जाने की हामी भर दी। इससे नाराज होकर तीनों उसके घर पहुंचे और उसकी मूंछ पकड़ ली और उसे ऊपर उठा दिया। इसके बाद उसे जमीन पर पटक दिया। इसी दौरान एक आरोपित ने उसके ऊपर पेशाब कर दिया। उसके साथ जमकर मारपीट की। उसे बचाने आई पत्नी के साथ भी मारपीट की गई।

वहीं आरोपित भाकियू अराजनैतिक गुट से जुड़े एक पदाधिकारी का आरोप है कि भाकियू महाशक्ति गुट के पदाधिकारी ने घर में घुसकर उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ कर जान से मारने की धमकी दी है। थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस पक्ष ने पेशाब करने व मारपीट करने का आरोप लगाया है, वह भाकियू महाशक्ति से जुड़ा है और पीड़ित यूनियन का पदाधिकारी है।

वहीं दूसरा पक्ष भाकियू अराजनैतिक से जुड़ा है और यूनियन का पदाधिकारी है। किसान यूनियन की राजनीति को लेकर ही दोनों पक्ष में विवाद है। साथ ही दोनों ही मामलों की जांच शुरू कर दी है।