Move to Jagran APP

बुलंदशहर में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से ढहा मकान, मलबे में दबने से पांच लोगों की मौत, कई घायल

बुलंदशहर के सिकंदराबाद में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक मकान गिर गया जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं। लगभग दस लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Mon, 21 Oct 2024 11:21 PM (IST)
Hero Image
आशापुरी कालोनी में ऑक्सीजन सिलेंडर के विस्पोट के लेंटर के निचे दबे लोगों निकालती टीम। हितेश गुप्ता

संवाद सूत्र, सिकंदराबाद/बुलंदशहर। गुलावठी रोड स्थित आशापुरी कॉलोनी में सोमवार की शाम लगभग साढ़े आठ बजे ऑक्सीजन गैस सिलेंडर फटने से एक मकान गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के दो महिला और एक बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग दस लोग घायल हो गए। 

घायलों को निजी और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को जैसे-तैसे करके बाहर निकाला। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।

सिलेंडर लगाते समय फटा और ढह गया मकान

पुलिस के मुताबिक, सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र की आशापुरी निवासी राजू उर्फ रियाजुद्दीन लेंटर की शटरिंग का कार्य करता है। उसकी पत्नी 55 वर्षीय रुखसार का स्वास्थ्य खराब था, जोकि अस्पताल में भर्ती थी। सोमवार को ही वह अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंची थी। 

रुखसार को सांस लेने में दिक्कत होने पर ऑक्सीजन सिलेंडर घर लाया गया था। ऑक्सीजन सिलेंडर लगाते समय ही फट गया। तेज आवाज के साथ सिलेंडर फटा तो मकान का लेंटर गिर गया। 

राजू उर्फ रियाजुद्दीन के पांच बेटे हैं, जिसमें चार की शादी हो चुकी है। मलबे में राजू उर्फ रियाजुद्दीन, उनकी पत्नी रुखसार, पांच बेटे शाहरुख, आसमौहम्मद, सोना, सलमान दब गए। इसके साथ ही मां को देखने पहुंची बेटी तमन्ना भी दब गई। साथ ही दस बच्चे भी दब गए। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। 

पांच की मौत, अन्य घायलों का उपचार जारी

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 60 वर्षीय राजू उर्फ रियाजुद्दीन, उनकी पत्नी 55 वर्षीय रुखसार, बेटा 11 वर्षीय सलमान, बेटी 24 वर्षीय तमन्ना, तमन्ना की बेटी तीन वर्षीय हिफजा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों का उपचार चल रहा है। 

स्थिति बहुत ही ज्यादा गंभीर: डीएम

जिलाधिकारी चन्द्रप्रकाश सिंह का कहना है कि साढ़े आठ से नौ बजे के बीच में सिकंदराबाद के आशापुरी मोहल्ले में रियाजुद्दीन के मकान में सिलेंडर फटने से हादसा हुआ है। पूरा मकान गिर गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। 

पुलिस, मेडिकल, फायर ब्रिगेड, नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी लगे हुए हैं। आठ लोगों को यहां से निकालकर अस्पताल भेज दिया है। बहुत ही ज्यादा स्थिति गंभीर है। 18 से 19 लोग इस परिवार में रहते थे। 10 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अभी तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

यह भी पढ़ें: BPCL नैनी की जमीन पर बनेगा इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, औद्योगिक विकास मंत्री ने की कार्यों की समीक्षा

यह भी पढ़ें: करवा चौथ की रात पत्नी ने पति को मैक्रोनी में जहर खिलाकर मार डाला, आए दिन दोनों में होता था झगड़ा

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।