Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने दो महिलाओं को कार से रौंदा, बुआ-भतीजी की मौके पर ही दर्दनाक मौत

बुलंदशहर में शराब के नशे में धुत एक पुलिस हेड कांस्टेबल ने कार चलाते समय दो महिलाओं बुआ और भतीजी को टक्कर मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिलाओं के शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है। आरोपी हेड कांस्टेबल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sun, 08 Sep 2024 12:11 AM (IST)
Hero Image
गुलावठी में सिकंराबाद तिराहे पर दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त स्विफ्ट कार। जागरण

संवाद सहयोगी, बुलंदशहर। शराब के नशे में धुत होकर कार चला रहे यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल ने सड़क पर घर से टहलने के लिए निकली बुआ-भतीजी पर कार चढ़ा दी। बुआ भतीजी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। 

कार इतनी तेज रफ्तार में थी, जिसने फुटपाथ पर लगी पालिका की रेलिंग, वाटर कूलर व पुलिस के बैरियर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। कार के आगे से परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने आरोपी कार चालक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद बुआ व भतीजी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

यह है पूरा मामला

नगर के यादव कांप्लेक्स के निकट रह रहे टीवी मैकेनिक वीरेंद्र सिंह की पत्नी 45 वर्षीय मंजू व उनकी बुआ 65 वर्षीय कृष्णा निवासी अहीर नंगला जहांगीराबाद के साथ गुरुवार रात करीब साढ़े दस बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। 

वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सिकंदराबाद तिराहे पर डीएन-पीजी कॉलेज के निकट बुलंदशहर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार चालक ने विपरीत दिशा में आकर पीछे से पत्नी व बुआ में जोरदार टक्कर मार दी। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल महिलाओं को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। लोगों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। 

गाजियाबाद नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट कार पर पुलिस का लोगो भी बना हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक हेड कांस्टेबल राहुल यादव नशे में बुरी तरह धुत था। कार में शराब, पानी की बोतल व गिलास भी रखे हुए थे। 

कार इतनी तेज रफ्तार में थी, जिसने फुटपाथ पर लगी पालिका की रेलिंग, वाटर कूलर व पुलिस के बैरियर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। कार के आगे से परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। 

शुक्रवार को मंजू के पति वीरेंद्र सिंह ने कार चालक राहुल यादव निवासी बालैनी बागपत के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। 

कोतवाल सुनीता मलिक ने बताया कि आरोपी कार चालक राहुल यादव बुलंदशहर जिले की कोतवाली देहात में हेड कांस्टेबल है, जो गुरुवार रात छुट्टी से वापस लौट रहा था। गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार का चालान किया गया है। 

साथ ही गुरुवार देर रात सरकारी अस्पताल में राहुल कुमार का मेडिकल भी कराया गया है। उधर, शुक्रवार को दोनों महिलाओं के शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

यह भी पढ़ें: बहराइच में वन विभाग को छका रही भेड़िए की चालाकी, अब ग्रामीणों ने खुद खोल निकाली मांद; टीम रवाना