Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bulandshahr Crime News: नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व प्रधान की गोली मारकर की हत्‍या, पुरानी रंजिश का शक

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व प्रधान के स‍िर में गोली मारकर हत्‍या कर दी। घटना को अंजाम देकर आरोपित बदमाश खेलिया रिवाड़ा की ओर फरार हो गए। पुलिस ने पूर्व प्रधान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की जांच में पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।

By Bhupendra Kumar Edited By: Vinay Saxena Updated: Fri, 30 Aug 2024 11:19 AM (IST)
Hero Image
पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूर्व प्रधान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की जांच में पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।

अहमदगढ़ क्षेत्र के ग्राम ढकनंगला निवासी 55 वर्षीय पूर्व प्रधान रामवीर कश्यप पुत्र देवीराम गांव में खेतीबाड़ी करते थे। उनके दो पुत्र प्राइवेट नौकरी करते हैं। दोनोें पुत्र का परिवार भी गांव में रहता है। शुक्रवार की सुबह आठ बजे पूर्व प्रधान बाइक से दो पोती को अहमदगढ़ खेलिया रिवाड़ा संपर्क मार्ग पर स्थित पाथमिक विद्वालय ढोगलाहसनगढ़ में छोड़ने गए थे। वापस लौटते हुए अहमदगढ़ से आ रहे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे से पूर्व प्रधान के सीने व सिर में चार गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर आरोपित बदमाश खेलिया रिवाड़ा की ओर फरार हो गए।

गोली लगने से पूर्व प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसपी देहात रोहित मिश्रा ने स्वजन से पूछताछ की। पूर्व की हत्या से गांव में शोक व्याप्त हो गया। पूर्व प्रधान के छोटे भाई धर्मवीर, पत्नी किरनदेवी व दो पुत्र समेत अन्य स्वजन में कोहराम मचा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व प्रधान भाजपा से जुड़े थे। प्रदेश में बसपा के कार्यकाल के दौरान गांव के प्रधान रहे थे। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि जांच में पुरानी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि स्वजन ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।

बदमाशों ने की थी रेकी

पूर्व प्रधान की हत्या से पहले बदमाशों ने रेकी की थी। पूर्व प्रधान रोज दो पोती को स्कूल छोड़ने बाइक से जाते थे और अकेले वापस लौटते थे। सुबह के समय संपर्क मार्ग पर ज्यादा लोग नहीं होते। इसी का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने पूर्व प्रधान की हत्या की और आराम से फरार हो गए।