Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bulandshahr: दूल्हे ने मांगी दहेज में गाड़ी, गांव वालों ने बारात को बंधक बनाकर सिखाया सबक; भरने पड़ गए साढे 12 लाख रुपये

Bulandshahr बुलंदशहर में एक शादी में अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां निकाह में क्रेटा कार न मिलने पर दूल्हे ने निकाह करने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने बारात को बंधक बना लिया। इतना ही नहीं दुल्हन पक्ष के लोगों ने साढ़े बारह लाख देने पर बारात को मुक्त किया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।

By Jagran News Edited By: Swati Singh Updated: Fri, 22 Dec 2023 01:43 PM (IST)
Hero Image
गांव वालों ने पूरी बरात को बना लिया बंधक, भरने पड़ गए 12 लाख रुपये

संवाद सूत्र, बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक बारात को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। अगौता थाना क्षेत्र के बागवाला गांव में निकाह में क्रेटा कार न मिलने पर दूल्हे ने निकाह करने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने बारात को बंधक बना लिया।

इतना ही नहीं बंधक बनाने के साथ पैसे भी निकलवाये। दुल्हन पक्ष के लोगों ने साढ़े बारह लाख देने पर बारात को मुक्त किया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।

क्रेटा कार को लेकर हुआ बवाल

गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के वासी गांव के युवक का रिश्ता अगौता थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हुआ था। बुधवार को युवती की बारात आई। बारातियों के खाना खाने के बाद मौलाना ने निकाह पढ़ने के लिए दूल्हे को बुलाया। मौलाना ने दुल्हन पक्ष की दहेज की सूची पढ़ी। दहेज में स्विफ्ट कार देने की घोषणा की तो दूल्हा बिफर पड़ा। दूल्हे ने क्रेटा कार की मांग की और मांग पूरी न होने पर निकाह करने से इनकार कर दिया।

बंधक बनाकर निकलवाए 12.50 लाख रुपये

दूल्हे के इनकार करने से दुल्हन पक्ष नाराज हो गया और दूल्हे व बिचौलिए को खरी-खोटी सुनाते हुए बारात को बंधक बना लिया। दुल्हन पक्ष ने निकाह में खर्च हुए पैसे की भरपाई की मांग की। पंचों ने निकाह में खर्च हुए साढ़े बारह लाख रुपये दुल्हन पक्ष को दिलवाए। तब बारात और दूल्हा मुक्त किए गए। दूल्हे को बगैर दुल्हन ही लौटना पड़ा।

गांव के युवक से कर दिया निकाह

बाद में दुल्हन पक्ष ने पास के ही गांव के युवक से रिश्ता तय किया और बारात बुलाकर निकाह कराकर दुल्हन को विदा कर दिया। थाना प्रभारी अगौता संदीप मलिक ने बताया कि थाने में तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Bulandshahr: फॉल्ट ठीक करने खंभे पर चढ़ा संविदाकर्मी, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर हुई मौत