Move to Jagran APP

संसाधन विहीन स्टेडियम में खिलाड़ी कैसे करें अभ्यास

बुलंदशहर जेएनएन। खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सरकार भले ही प्रयास कर रही हो लेकिन

By JagranEdited By: Updated: Sun, 24 Apr 2022 07:36 PM (IST)
Hero Image
संसाधन विहीन स्टेडियम में खिलाड़ी कैसे करें अभ्यास

बुलंदशहर, जेएनएन। खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सरकार भले ही प्रयास कर रही हो लेकिन संसाधनविहीन स्टेडियम उनकी उड़ान पर बंदिशे लगा रहे हैं। हाकी महिला खिलाड़ियों के लिए यमुनापुरम स्थित स्टेडियम का मैदान छोटा है। ऐसे में अब महिला हाकी खिलाड़ी टांडा स्थित स्टेडियम में अभ्यास करेंगी।

जनपद में जिला खेल कार्यालय द्वारा खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए टांडा और यमुनापुरम में दो स्टेडियम बनवाए गए हैं। दो वर्ष पूर्व जिले में दो से अधिक कोच द्वारा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए स्टेडियम पर ताला लग गया था। वहीं, शासन द्वारा कान्टेंक्ट पर रखे गए कोच की समयाविधि भी मार्च-20 को समाप्त हो गई। इसके बाद खिलाड़ियों को बिना कोच के स्वयं अभ्यास करना पड़ रहा है।

यमुनापुरम स्थित स्टेडियम में सुबह शाम 200 से 250 खिलाड़ियों का जमावड़ा रहता है। इससे हाकी महिला खिलाड़ियों को अभ्यास करने में काफी परेशानी आ रही है। महिला खिलाड़ियों ने इस बाबत जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन त्यागी से अभ्यास के दौरान मैदान खाली कराने की मांग की है। नवीन त्यागी ने बताया टांडा स्टेडियम में मैदान काफी बड़ा है और हाकी में हिटिग होते रहने के चलते छोटे मैदान में खिलाड़ियों के घायल होने की संभावना बनी रहती है।

..

प्रदेश स्तर पर जीत चुकी मेडल

नगर निवासी महिला हाकी खिलाड़ी जनपद और मंडल स्तर पर कई मेडल जीत चुकी हैं। इसके बाद वह प्रदेश स्तर पर तीन से अधिक बार प्रतिभाग कर चुकी हैं और एक में मेडल जीतकर जनपद का नाम रोशन कर चुकी है। अब वह आगे बढ़ना चाहती है। इसके लिए स्वयं अभ्यास कर आगे बढ़ना चाहती है। हाल ही में टोक्यो ओलंपिक में बेटियों ने परचम भी लहराया। वह भी छोटे मैदान से निकली और देश का नाम रोशन किया।

...

बोली महिला खिलाड़ी

जूनियर महिला हाकी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रदेश स्तर तक प्रतिभाग कर मेडल जीत चुकी हूं और आगे बढ़ने का प्रयास कर रही हूं। कोच और संसाधन की कमी होने के चलते अभ्यास सही तरीके से नहीं हो पा रहा है।

-कुसुम

...

महिला हाकी खिलाड़ी अब यमुनापुरम स्टेडियम में नहीं बल्कि टांडा स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। यमुनापुरम का मैदान छोटा है और सुबह शाम भीड़ अधिक रहती है। ऐसे में हादसे की संभावना बनी रहती है। इसीलिए हाकी के अभ्यास की व्यवस्था टांडा स्टेडियम में कराई गई है।

- नवीन कुमार त्यागी, जिला क्रीड़ाधिकारी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।