Move to Jagran APP

बुलंदशहर में बोले राजू भैया, मैनपुरी से सपा का करना होगा सफाया, बाबूजी हमारे दिलों में जिंदा

बुलंदशहर में एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने पूर्व मुख्मंत्री स्व. कल्याण सिंह की प्रतिमा के अनावरण पर जनसभा को किया संबोधित। सियासी माहौल किया गरम बाबूजी कल्याण सिंह के कार्यों को गिनाते हुए साधा वोट बैंक।

By Jagran NewsEdited By: Taruna TayalUpdated: Thu, 17 Nov 2022 03:43 PM (IST)
Hero Image
एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया।

बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने कहा कि जिस तरह पीएम मोदी ने कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का नारा दिया है, उसी तरह मैनपुरी को सपा मुक्त बनाना है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ता एकजुट हो जाए। आने वाले उपचुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत दिलाएं। राजू भैया नगर पालिका क्षेत्र के काली नदी रोड स्थित कल्याण सिंह पार्क में पूर्व सीएम एवं अपने पिता स्व. कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सियासी माहौल गरम किया। बाबूजी स्व. कल्याण सिंह के कार्यों को गिनाते हुए वोट बैंक साधा। उन्होंने कहा कि बेशक बाबूजी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वह हमारे दिलो में जिंदा हैं। उनकी प्रतिमा को देखकर नई ऊर्जा मिली है। आने वाले उपचुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत होना तय है। गुजरात, मैनपुरी और रामपुर में चुनाव की जिम्मेदारी मिली है। यह चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं को ताकत लगानी होगी। मैनपुरी में भी सपा का सफाया करना होगा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश का चुनाव भी भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी।

भाजपा को जन-जन की पार्टी बनाने में जीवन किया समर्पित

चेयरमैन चेयरमैन मनोज गर्ग ने कहा कि बाबूजी का सारा जीवन भाजपा को जन-जन की पार्टी बनाने के लिए समर्पित रहा। गरीबों के प्रति हमदर्दी रखना एवं कार्यकर्ताओं से प्यार करना उनकी विशेष पहचान थी। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनिल सिसोदिया, सांसद भोला सिंह, विधायक स्याना, देवेंद्र सिंह लोधी, सदर प्रदीप चौधरी, डिबाई चंद्रपाल सिंह, अनूपशहर संजय शर्मा, खुर्जा मीनाक्षी सिंह के अलावा आर्य रीता सिंह, संजय बिसारिया एडवोकेट, सुशील कंसल, राजेश चौहान, नीरज त्यागी, ओमप्रकाश सैनी, राम दिवाकर, रोह‍ित जैन, संजय कटियार, सुदेश वाल्मीकि मौजूद रहे।

आसपास लगभग घंटाभर लगा रहा जाम

सुबह दस बजे राजू भैया के आने का समय निर्धारित था, लेकिन वह लगभग साढ़े तीन घंटा लेट पहुंचे। राजू भैया के इंतजार में बड़ी संख्या में लोग डटे रहे। उनके आने के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। पार्क के आसपास जाम भी लोगों को झेलना पड़ा। सांसद राजू भैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के गाड़ियों के काफिला के रवाना होने के एक घंटे बाद जाम खुल सका। इसके बाद बाबूजी की प्रतिमा के साथ सेल्फी लेने की कार्यकर्ताओं में होड़ मची रही।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।