ट्रेन हो गई रद, स्टेशन पर गुजारनी पड़ी रात
ट्रेन के रद होने की जानकारी होने पर दर्जनभर परिवार के लोगों को जंक्शन स्टेशन पर रात व्यतीत करने के लिए मजबूर होना पड़ा। जिससे गुस्साए लोगों ने स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया और नाराजगी व्यक्त की। वहीं ट्रेन के रद्द होने की जानकारी पर गुरुवार को लोग मायूस होकर वापस लौट गए। साथ ही इसके संबंध में उन्होंने रेलवे के अधिकारियों से शिकायत भी की।
जेएनएन, बुलंदशहर। ट्रेन के रद होने की जानकारी होने पर दर्जनभर परिवार के लोगों को जंक्शन स्टेशन पर रात व्यतीत करने के लिए मजबूर होना पड़ा। जिससे गुस्साए लोगों ने स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया और नाराजगी व्यक्त की। वहीं ट्रेन के रद्द होने की जानकारी पर गुरुवार को लोग मायूस होकर वापस लौट गए। साथ ही इसके संबंध में उन्होंने रेलवे के अधिकारियों से शिकायत भी की।
खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर रुकने वाली महानंदा एक्सप्रेस को कोहरे के चलते बीते दिनों रेलवे द्वारा रद कर दिया गया है। इसी ट्रेन में अरनिया स्थित थर्मल पॉवर प्लांट में कार्यरत कई परिवारों के लोगों ने एक माह पहले बिहार स्थित टिपरा के लिए रिर्जेवेशन कराया था। यात्रियों में शामिल सुखदेव, श्रीपाल, गुरुदेव आदि ने बताया कि रिर्जेवेशन कराने के बाद वह बुधवार शाम को जंक्शन स्टेशन स्थित प्लेटफार्म पर पहुंच गए। साथ ही ट्रेन के आने के इंतजार में रातभर प्लेटफार्म पर ही डटे रहे। लोगों का कहना है कि इसके संबंध में उन्होंने रेलवे के अधिकारियों से जानकारी जुटाई, तो उन्होंने रात के समय उन्हें महानंदा के रद होने के विषय में जानकारी हुई। ऐसे में वह ना तो वापस लौट सकते थे और ना ही कहीं और जा सकते थे। जिस कारण उन्हें रातभर स्टेशन पर हर गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ा। जिसको लेकर गुरुवार सुबह यात्री जंक्शन स्टेशन के गेट पर एकत्र हो गए और उन्होंने रेलवे के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं रेलवे द्वारा ट्रेन के रद्द होने के संबंध में जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया। उधर जंक्शन स्टेशन के अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।