Move to Jagran APP

Chitrakoot: "भगवान के द्वार पर राजनीति नहीं", जेपी नड्डा ने कामतानाथ में टेका मत्था; MP चुनाव की सरगर्मी तेज

मध्य प्रदेश में फिर से भगवा परचम फहराने की कामना लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को प्रभु श्रीराम की तपोभूमि पहुंचे और जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करने से पहले भगवान कामतानाथ के दरबार में मत्था टेका। हालांकि इस दौरान उन्होंने किसी प्रकार के राजनीतिक सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। सिर्फ इतना बोले-यह भगवान का द्वार है राजनीति का स्थान नहीं है।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek PandeyUpdated: Mon, 04 Sep 2023 10:46 AM (IST)
Hero Image
"भगवान के द्वार पर राजनीति नहीं", जेपी नड्डा ने कामतानाथ में टेका मत्था; MP चुनाव की सरगर्मी तेज

जागरण संवाददाता, चित्रकूट : मध्य प्रदेश में फिर से भगवा परचम फहराने की कामना लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को प्रभु श्रीराम की तपोभूमि पहुंचे और जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करने से पहले भगवान कामतानाथ के दरबार में मत्था टेका।

हालांकि इस दौरान उन्होंने किसी प्रकार के राजनीतिक सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। सिर्फ इतना बोले-यह भगवान का द्वार है, राजनीति का स्थान नहीं है। मध्य प्रदेश की जनता जनार्दन से विधानसभा चुनाव में समर्थन लेने के लिए भाजपा ने सतना जिले के मिचकुरिन मझगवां से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की है।

अमित शाह को करना था शुभारंभ

इस यात्रा का शुभारंभ पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को करना था, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने अभियान की शुरुआत की। नड्डा हेलीकाप्टर द्वारा चित्रकूट के दीनदयाल शोध संस्थान स्थित हेलीपैड पर उतरे।

भारत रत्न नानाजी देशमुख की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद भगवान कामतानाथ के दरबार में पहुंचे। भाजपा के लिए मध्य प्रदेश की चित्रकूट विधानसभा सीट महत्वपूर्ण है। यहां लगातार दो बार से कांग्रेस के नीलांशु चतुर्वेदी विधायक हैं।

पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस विधानसभा क्षेत्र में दो दिन रुक कर प्रचार प्रसार किया था, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी के सामने भाजपा प्रत्याशी नहीं टिक पाया।

सिंधिया ने अपनी जगह तोमर को पूजन में बैठाया

मंदिर परिसर में पूजन के लिए चार चौकी लगाई गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व सिंधिया को पूजन के लिए बैठा दिया गया था, लेकिन नरेंद्र सिंह तोमर खड़े थे। सिंधिया ने देखा तो खुद उठ गए और अपनी जगह पर उन्हें पूजन के लिए बैठाया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।