Move to Jagran APP

Shashank Mani Tripathi Interview: देवरिया सीट से BJP प्रत्याशी ने दैनिक जागरण से की बातचीत, प्राथमिकताओं व रणनीति पर की चर्चा

देवरिया लोकसभा सीट से 2014 से ही भाजपा के सांसद रहे हैं। 2019 में डा. रमापति राम त्रिपाठी यहां से सांसद चुने गए थे। इस बार भाजपा ने शशांक मणि त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की बदौलत वह जनता के बीच में जा रहे हैं। इन्हीं सब स्थानीय मुद्दे को लेकर वरिष्ठ संवाददाता महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने उनसे बातचीत की।

By Jagran News Edited By: Riya Pandey Updated: Mon, 27 May 2024 05:45 PM (IST)
Hero Image
देवरिया सीट से BJP प्रत्याशी शशांक मणि त्रिपाठी ने दैनिक जागरण से की बातचीत

महेंद्र कुमार त्रिपाठी, देवरिया। Shashank Mani Tripathi Interview: लोकसभा सीट देवरिया से भाजपा हैट्रिक लगाने की जोर आजमाइश में हैं। 2014 में कलराज मिश्र तो 2019 में डा. रमापति राम त्रिपाठी यहां से सांसद चुने गए थे। इस बार भाजपा ने शशांक मणि त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की बदौलत वह जनता के बीच में जा रहे हैं। मोदी-योगी की कल्याणकारी योजनाओं के साथ ही युवाओं को रोजगार देने की भविष्य की उनकी तैयारी को लेकर वरिष्ठ संवाददाता महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने उनसे बातचीत की। प्रस्तुत है प्रमुख अंश...

आप समाजसेवी हैं। राजनीति भी समाजसेवा ही है, लेकिन समाजसेवा में राजनीति न होने पाए, इससे कैसे बचेंगे? 

देखिए, मेरा मानना है कि राजनीति और समाजसेवा दोनों एक ही पहलू हैं। दोनों एक दूसरे के विरोधाभासी नहीं, बल्कि पूरक हैं। समाजसेवा के अंदर यदि राजनीति की भी ताकत मिल जाए तो काम और आसान हो जाएगा। किसी भी काम में परिश्रम लगता है। मैंने संस्था के जरिए समाजसेवा किया है। काम जारी है। पूर्वांचल व बिहार के नौजवानों के पलायन को रोकना बहुत जरूरी है।

देवरिया में 10 वर्ष से भाजपा काबिज है। पांच बड़े काम क्या किए गए, आपकी पांच प्राथमिकताएं क्या होंगी? 

यह सौभाग्य है कि लोकसभा सीट देवरिया में भाजपा का प्रतिनिधित्व लगातार 10 वर्ष से है। इन वर्षों में क्षेत्र में विकास के बहुत काम हुए। देवरिया बाईपास के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सीडीएस इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड को जिम्मेदारी मिली है। दो वर्ष के अंदर बाईपास बनकर तैयार हो जाएगा। अन्य उपलब्धियों में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज, शहर में जलभराव से मुक्ति के लिए परियोजना, रेलवे स्टेशन को अपग्रेड करने के साथ ही कुशीनगर में कृषि विवि की स्थापना आदि शामिल हैं।

महिलाओं तथा अन्य सभी वर्गों के लिए सरकार ने काम किया है। घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का काम जारी है। जिन लोगों के पास पक्का मकान नहीं था, उन्हें सरकार ने मकान दिया। हर घर में शौचालय बने। पीएमश्री योजना के तहत शिक्षण संस्थानों को अपग्रेड किया जा रहा है। यही तो विकास है।

मेरी प्राथमिकता यह है कि स्वरोजगार को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार दिया जाए। डिजिटल के जरिए किसानों को एवं महिलाओं को ग्राम स्तर पर रोजगार दिया जाए। इसके साथ ही नमो नारायणी का विकास हो। इन सभी कार्यों से युवाओं का पलायन रुकेगा। उसी क्रम में मैंने अपनी कार्य योजना बनाई है। काम शुरू भी हो गया है।

आपके प्रतिद्वंद्वी का दावा है कि यादव व मुसलमान के साथ बड़ी संख्या में क्षत्रिय एवं ब्राह्मण का वोट उन्हें मिल रहा है। आपकी क्या रणनीति है? 

देखिए, हमें हर वर्ग का वोट मिल रहा है। भाजपा सबका साथ सबका विकास की संकल्पना के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी वर्गों का विकास किया। इसलिए हम जाति व्यवस्था में विश्वास नहीं करते।

बेरोजगारी को चुनाव में बड़ा मुद्दा माना जा रहा है, इससे कैसे निपटेंगे? तीन ऐसे काम जिसके न हो पाने का मलाल है? 

हमें मलाल नहीं है, क्योंकि हम खुद ही स्वरोजगार की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। हमने जागृति यात्रा के जरिए आठ हजार लोगों को तैयार किया। जागृति रेल यात्रा दुनिया की सबसे बड़ी यात्रा है। इस यात्रा के जरिए युवाओं को रोजगार मिल रहा है। जिसमें युवा एवं महिलाओं की संख्या ज्यादा है। स्टार्टअप के जरिए रोजगार देने की बात कर रहे हैं। मेरा मूल उद्देश्य उद्यमी को खड़ा करना है। जो अपने इलाके में रोजगार का सृजन करें। 

आपके प्रतिद्वंद्वी कहते हैं कि आप चुनाव में अचानक आए हैं, इस पर आपका क्या कहना है? 

देखिए, प्रतिद्वंद्वी को खुद ही नहीं मालूम है कि मैं कितने दिनों से देवरिया संसदीय क्षेत्र में काम कर रहा हूं। बीते 10 वर्ष से लगातार मेरा कैंपेन जारी है। उनका कहना बिल्कुल गलत है। इस क्षेत्र को विकसित करने के लिए मेरी प्लानिंग पहले से ही है। लगातार मैं समाज सेवा के जरिए काम कर रहा हूं। मेरी सोच देवरिया के विकास को लेकर है। जनता का आशीर्वाद मिलेगा उसके बाद में करके दिखाऊंगा। मैं करने में विश्वास रखता हूं।

यह भी पढ़ें- 'गठबंधन के नेता देश को धर्म के आधार बांटना चाहते हैं, हमारे योगी जी तो अच्छे-अच्छों की गर्मी उतारने में एक्सपर्ट हैं', देवरिया में बोले PM मोदी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।