Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    यूपी में होली पर अलग-अलग नदियों में डूबे 8 लोग, 3 की मौत; स्नान करने गए PAC जवान भी लापता

    Updated: Fri, 14 Mar 2025 10:57 PM (IST)

    होली के बाद उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में गंगा यमुना व मंदाकिनी नदियों में स्नान के दौरान कई युवकों की डूबने से मौत हो गई। चित्रकूट में एक युवक मंदाकिनी में लापता है। कानपुर में गंगा में डूबे पीएसी जवान की तलाश जारी है जबकि एक का शव मिला। मूसानगर में यमुना में डूबे तीन में से एक की मौत हो गई दो की खोजबीन जारी है।

    Hero Image
    यूपी में होली पर अलग-अलग नदियों में डूबे 8 लोग - प्रतीकात्मक तस्वीर।

    जागरण संवाददाता, चित्रकूट/कानपुर। होली के उल्लास के बाद नदियों में स्नान करना कई युवाओं के लिए खतरनाक साबित हुआ। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गंगा, यमुना और मंदाकिनी नदी में डूबने की घटनाएं सामने आईं। चित्रकूट में होली मनाने आए एक युवक का मंदाकिनी में अब तक कोई सुराग नहीं मिला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं कानपुर में जाजमऊ बुढ़िया घाट पर गंगा में नहाने गए पीएसी जवान समेत दो लोग बह गए, जिनमें से एक का शव बरामद हुआ। इसी तरह, मूसानगर में यमुना स्नान के दौरान तीन युवक डूब गए, जिनमें से एक की मौत हो गई और दो की तलाश जारी है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

    दोस्तों के साथ होली मनाने आया युवक मंदाकिनी में डूबा

    होली मनाने कानपुर से दोस्तों के साथ आए दो युवक मंदाकिनी में डूब गए। लोगों ने एक को तो बचा लिया लेकिन दूसरे का पता नहीं है पुलिस नदी में तलाश कर रही है। साथ ही एनडीआरएफ को बुलाया है। यह घटना मध्य प्रदेश जिला सतना थाना नयागांव (चित्रकूट) स्थित जानकी कुंड आरोग्यधाम घाट की है।

    कानपुर मोती महल निवासी अनिल तिवारी का 18 वर्षीय पुत्र देवेंद्र तिवारी होली मनाने शुक्रवार को चित्रकूट आया था। वह दोस्तों के साथ आरोग्यधाम घाट में शाम करीब पांच बजे मंदाकिनी स्नान कर रहा था। तभी दो युवक डूबने लगे जिसमें एक को बचा लिया गया जबकि देवेंद्र गहरे पानी में चला गया। गोताखोरो ने उसे पानी में काफी खोजा लेकिन कोई पता नहीं चला।

    तीन घंटे तक की गई युवक की तलाश

    नयागांव थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने बताया कि युवक की तलाश करीब दो से तीन घंटे नदी में की गई लेकिन कोई पता नहीं चला है। संभावना है कि कहीं वह पत्थर के नीचे फंस गया है। एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। रात होने की वजह से राहत का प्रभावित हुआ है। शनिवार की सुबह युवक की दोबारा खोजबीन की जाएगी। फिलहाल घटना की सूचना परिवार को भी दे दी गई है स्वजन आ रहे हैं।

    यमुना में तीन डूबे, एक की मौत

    वहीं दूसरी ओर, मूसानगर में यमुना में नहाने गए तीन युवक डूब गए। एक की मौत हो गई जबकि दो की तलाश चल रही। खाले शहर निवासी जतिन, मनीष,सचिन और प्रिंस होली खेलने के बाद यमुना में नहाने गए थे। नहाते समय सभी डूबने लगे और सचिन को लोगों ने बाहर निकाल लिया जबकि बाकी डूब गए। पुलिस जुटी और लोग भी आ गए। प्रयास के बाद जतिन का शव बरामद हो गया बाकी दोनों का पता नहीं चल सका। सीओ संजय सिंह ने बताया कि तलाश चल रही है।

    गंगा नहाने गए पीएसी जवान समेत दो दोस्त डूबे, एक का मिला शव

    कानपुर में जाजमऊ बुढियाघट पर शुक्रवार को होली के बाद गंगा में नहाने गए पीएसी जवान समेत पांच दोस्तों में दो डूब गए। काफी देर बाद एक का शव मिला, जबकि पीएसी जवान की तलाश जारी है।

    यशोदा नगर निवासी 23 वर्षीय शिवा शुक्ला अपने साथी 25 वर्षीय ज्ञानेंद्र यादव उर्फ गोलू समेत पांच दोस्तों के साथ होली मनाने के बाद रंग खेलने के बाद गंगा नहाने बुढ़िया घाट गए थे। नहाने के दौरान शिवा और ज्ञानेंद्र गहरे पानी में चले गए।

    साथियों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन दोनों डूब गए। जाजमऊ थाना पुलिस पहुंचीं और तलाश शुरू हुई। गोताखोरों की मदद से ज्ञानेंद्र का शव मिल गया, लेकिन शिवा नहीं मिला। थाना प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।