Move to Jagran APP

देर रात तेज आवाज में गाने बंद कराने गई पुलिस टीम पर हमला, दौड़ा-दौड़ा कर लाठी डंडो से पीटा

UP Police News Hindi इस बीच कुछ लोगों ने आरक्षी की पिस्टल छीनने की कोशिश की। आरक्षी राहुल ने थाने में सूचना देने के लिए मोबाइल फोन निकाला तो लोग पीटने लगे। राहुल व रामकरण ने भागकर खुद को बचाया और थाने में सूचना दी। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह दलबल के साथ पहुंचे तो उन पर भी पथराव कर दिया।

By Jagran News Edited By: Mohammed Ammar Updated: Sat, 08 Jun 2024 09:17 PM (IST)
Hero Image
देर रात तेज आवाज में गाने बंद कराने गई पुलिस टीम पर हमला

जागरण संवाददाता, चित्रकूट : देर रात बजाए जा रहे तेज संगीत को बंद कराने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिस कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडे से पीटा। हमले में थाना प्रभारी और दो महिला सिपाहियों समेत छह पुलिस कर्मी घायल हो गए। पथराव से पुलिस के वाहनों के शीशे टूट गए। थाना प्रभारी की तहरीर पर 18 नामजद और 20 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के बाद 13 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

देर रात 12 बजे की घटना 

घटना भरतकूप के रौली कल्याणपुर की है, जहां शुक्रवार रात सुशील वर्मा के बेटे का जन्मदिन समारोह मनाया जा रहा था। देर रात तक तेज ध्वनि में संगीत बजाया जा रहा था। देर रात करीब 12 बजे एक व्यक्ति ने पुलिस को फोन करके शिकायत की। भरतकूप चौराहे पर तैनात आरक्षी राहुल कुमार व होमगार्ड रामकरण सुशील के घर पहुंचे और डीजे बजाने से रोका तो वहां लोगों ने अभद्रता कर दी।

फोन निकालते ही पीटने लगे लोग

इस बीच कुछ लोगों ने आरक्षी की पिस्टल छीनने की कोशिश की। आरक्षी राहुल ने थाने में सूचना देने के लिए मोबाइल फोन निकाला तो लोग पीटने लगे। राहुल व रामकरण ने भागकर खुद को बचाया और थाने में सूचना दी। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह दलबल के साथ पहुंचे तो उन पर भी पथराव कर दिया। इसके पहले कि पुलिस टीम संभल पाती, उसके वाहनों के शीशे टूट गए। पत्थर लगने से कई लोग घायल हो गए।

उपद्रवियों ने लाठी-डंडे से पुलिस कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर भी पीटा। करीब एक घंटे बाद सीओ सिटी राजकमल कई थानों और चौकियों के फोर्स के साथ पहुंच गए। काफी देर चले संघर्ष के बाद पुलिस ने 13 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी प्रवीण सिंह, कांस्टेबल सतीश यादव, नरेंद्र सिंह, आरक्षी राहुल कुमार, महिला आरक्षी दीपिका सिंह और शिखा को गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों के घरों पर दबिश दी जा रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।