चित्रकूट में बारिश के बीच कार के ऊपर गिरा विशाल पेड, सेवानिवृत्त आइएफएस और उनकी पत्नी की मौत, तीन घायल
चित्रकूट में झांसी-मीरजापुर नेशनल हाईवे पर कालूपुर के पास एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। बारिश के दौरान एक पुरानी महुआ का पेड़ एक स्कार्पियो कार पर गिर गया जिसमें चार लोग सवार थे। तीन लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया जबकि एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में मानिकपुर से बांदा जा रही स्कार्पियो कार में सुखनंदनपुर मजरा कालूपुर के पास पुराना महुवा का पेड जमीन से उखड़ कर गिर गया। कार में सफर कर रहे सेवानिवृत्त आइएफएस और उनकी पत्नी की मौत हो गई। जबकि उनका पुत्र, पौत्र सहित चालक गंभीर रूप से घायल है जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे। सीएमएस से घायलों के बेहतर इलाज निर्देश दिए।
जनपद बांदा की सदर कोतवाली के देवनगर के झील का पुरवा निवासी 80 वर्षीय दुर्गा प्रसाद द्विवेदी भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में थे। तीन माह पहले उन्होंने मुंबई में हार्ट का आपरेशन कराया था। प्रतिमाह जांच के लिए वहां जाते थे। दो दिन पहले पत्नी 72 वर्षीय मधु द्विवेदी के साथ गए थे। जांच कराने के बाद रविवार को लोकमान्य तिलक (मुंबई) से बनारस जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस से घर लौटे थे। यह ट्रेन मानिकपुर जंक्शन से गुजरती है इसलिए उनका यहीं तक का टिकट था।
मानिकपुर से उनको रिसीव करने उनका पुत्र 43 वर्षीय अभिनव द्विवेदी और पौत्र 30 वर्षीय अर्थ द्विवेदी पुत्र विश्व स्वरूप द्विवेदी चालक 40 वर्षीय बबलू के साथ गए थे। ट्रेन के करीब पौने दो बजे पहुंचने पर सभी लोग कार से लौट रहे थे। सरैयां में रुककर नाश्ता किया। उसके बाद खोह पुलिस लाइन से हाईवे पर कार तीन किमी चली थी कि सुखनंदनपुर के पास चली कार में भर्राकर पुरानी विशाल महुवा का पेड़ गिर गया। चीख पुकार मच गई।
चालक सीट के बगल में आगे बैठे दुर्गा प्रसाद की मौके पर मौत हो गई। जबकि पीछे बैठी उनकी पत्नी, पुत्र व पौत्र सहित चालक को घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में पत्नी मधु की भी मौत हो चुकी थी। कार में फंसे दुर्गा प्रसाद को करीब 30 मिनट बाद बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें- खौफनाक; आंखों का इलाज कराने आई थी महिला, चोर समझकर ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पेड़ करीब 50 वर्ष पुराना था। उसके गिरने से दुर्गा प्रसाद बुरी तरह फंस गए थे। कटर से पेड काट व जेसीवी से अलग उनको कार से निकाला गया था। इस हादसे में दो मौत हुई है तीन घायल हैं। पुत्र अभिनव ने बताया कि पिता मध्यप्रदेश में वन विभाग में थे। मंडला जिला में कान्हा टाइगर रिजर्व से सेवानिवृत्त हुए थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।