Move to Jagran APP

Deoria Murder Case: प्रेमचंद की पत्नी से मिले सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, बच्चों ने लगाई घर बचाने की गुहार

देवरिया नरसंहार के बाद प्रेमचंद यादव की मकान की बेदखली का आदेश आने के बाद से ही परिवार वालों की परेशानी बढ़ गई है। सभी लोग खौफ में जी रहे हैं। प्रेमचंद की पत्नी व बच्चों सहित परिवार के सभी सदस्य घर बचाने के लिए गुहार लगा रहे हैं। इसी बीच प्रेमचंद के घरवालों से मिलने सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता समेत कई लोग पहुंचे।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandUpdated: Fri, 13 Oct 2023 04:15 PM (IST)
Hero Image
प्रेमचंद की पत्नी से मिले सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता। -जागरण
जागरण संवाददाता, देवरिया। रुद्रपुर के फतेहपुर लेहड़ा में नरसंहार के बाद अब मृतक प्रेमचंद यादव की मकान की बेदखली का आदेश तहसीलदार न्यायालय ने दे दिया है। फैसला आने के बाद परिवार का हर सदस्य परेशान है। घर आने-जाने वाले लोगों से पत्नी के साथ ही बच्चे भी मकान बचाने की गुहार लगा रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष सिंह समेत अन्य नेता भी गांव पहुंचे और प्रेम चंद यादव की पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात किए।

प्रेम चंद की पत्नी प्रेमशीला के आंखों में आंसू थे। प्रेमशीला ने कहा कि पति की हत्या हो गई, बच्चे अनाथ हो गए। रहने के लिए कोई दूसरा हम लोगों का ठिकाना नहीं है। तहसीलदार न्यायालय ने मकान तोड़ने का आदेश दे दिया है। अगर मकान टूट जाती है तो हम अपने बच्चों को लेकर कहां जाएंगे आप लोग भी कुछ सहयोग करिए।

वहीं बेटी बेटी अर्चना व अलका का कहना था कि दादा, चाचा जेल में चले गए, छोटे-छोटे भाई व बहनों के साथ हम लोग मकान टूट गई तो कहां जाएंगे। सरकार भी इस समय हम लोगों के प्रति संवेदना दिखाए। मकान न तोड़ा जाए। हम लोग पिता के ब्रह्मभोज की तैयारी करें या फिर मकान बचाने के लिए न्यायालय का चक्कर लगाएं। वहीं बेटा तेज प्रताप का भी यही कहना था।

बंद मोबाइल फोन नंबरों पर पुलिस की नजर

फतेहपुर लेहड़ा नरसंहार के बाद से ही फतेहपुर ग्राम पंचायत के 110 से अधिक मोबाइल फोन नंबर बंद हैं। इन नंबरों पर पुलिस की पैनी नजर है। अधिकांश मोबाइल फोन नंबरों का पुलिस ने काल डिटेल भी खंगालने के साथ लोकेशन जानने के लिए सर्विलांस का भी सहारा लिया है। दो अक्टूबर को हुए नरसंहार के बाद फतेहपुर के अभयपुर टोला के अधिकांश पुरुष सदस्य घर से फरार हैं। घटना के दिन प्रेमचंद की हत्या के बाद सत्य प्रकाश दुबे के स्वजन ने टीनशेड के कमरे को अंदर से बंद कर दिया था।

यह भी पढ़ें, देवरिया नरसंहार: देवेश बोले- बुलडोजर की कार्रवाई के बाद ही करेंगे ब्रह्मभोज, नरसंहार करने वालों का हो एनकाउंटर

इस दौरान आरोपितों ने टीनशेड को पीछे से पहले उजाड़ा और और अंदर घुस गए। सबसे पहले उन्होंने सत्यप्रकाश दुबे की निर्मम हत्या की। उसके बाद पत्नी और बच्चों को मार डाला। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना के बाद से ही मोबाइल फोन नंबर बंद पड़े हैं। उनका टावर लोकेशन तो ले लिया गया है। वर्तमान लोकेशन नहीं मिल पा रहा है।

यह भी पढ़ें, देवरिया नरसंहार... आरोपितों के आशियाने पर चलेगा बाबा का बुलडोजर, मिट्टी में मिलेगा दबंग प्रेमचंद का घर

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।