Move to Jagran APP

शादी का मंडप बना अखाड़ा: भोजन में मछली न बनने पर दूल्हे ने जयमाल के दौरान दुल्हन को जड़ा थप्पड़, मचा बवाल

उत्‍तर-प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बरात के स्‍वागत में मछली न बनने पर बवाल हो गया। बवाल इतना बढ़ गया कि मारपीट पर लोग उतारु हो गए। घरातियों ने दूल्हे सहित अन्य बरातियों को पीट दिया। मारपीट और बवाल देखकर बराती भाग गए। मारपीट में दुल्हन समेत 12 लोग घायल हो गए।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Sat, 13 Jul 2024 07:51 AM (IST)
Hero Image
दूल्‍हे ने दुल्‍हन मारा थप्‍पड़ तो मचा बवाल। जागरण

 जागरण संवाददाता, देवरिया। बरात के स्वागत में मछली न बनने पर दूल्हे ने जयमाल में ही दुल्हन को थप्पड़ जड़ दिया। दुल्हन के स्टेज से गिरते ही क्रोधित घरातियों ने दूल्हे सहित अन्य बरातियों को पीट दिया। दोनों पक्ष में मारपीट के दौरान कुर्सियां भी चलने लगीं।

बवाल बढ़ता देख दूल्हा समेत बराती फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे की कार को कब्जे में ले लिया। मारपीट में दुल्हन समेत 12 लोग घायल हो गए। बघौचघाट थाना क्षेत्र के गांव आनंदनगर के एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री का विवाह बिहार गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के कुर्थिया के युवक से तय किया था।

इसे भी पढ़ें-VIDEO: कुशीनगर में एक ही घर से निकले 150 जहरीले सांप, मचा हड़कंप, दहशत में लोग

गुरुवार की रात बरात दरवाजे पर पहुंची तो वधु पक्ष ने बरातियों का धूमधाम से स्वागत किया। भोजन में मछली न देख कुछ बरातियों ने विरोध किया। उस समय जयमाल कार्यक्रम चल रहा था। दूल्हे के दोस्तों ने यह बात दूल्हे को बताई तो वह स्टेज से उठ गया और दुल्हन से पूछने लगा कि मछली क्यों नहीं बनी।

इसे भी पढ़ें-बारिश के बाद अब सताने लगी है उमस वाली गर्मी, टपक रहा पसीना, जानिए कैसा रहेगा आज यूपी का मौसम

दुल्हन ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम में हमारे यहां शाकाहारी भोजन ही बनता है। इतना सुनते ही दूल्हा आपे से बाहर हो गया और दुल्हन को थप्पड़ जड़ दिया। दुल्हन मौके पर ही गिर गई। इसके बाद बवाल बढ़ गया और दोनों तरफ से मारपीट होने लगी।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने दूल्हे की कार समेत अन्य वाहनों को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। लड़के पक्ष को बुलाया गया है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।