Move to Jagran APP

UP News: देवरिया में प्रतिमा विसर्जन के दौरान चाकूबाजी से मचा हड़कंप, युवक घायल

उत्‍तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दुर्गा पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल हो गया। विसर्जन के दौरान अचानक भीड़ में चाकूबाजी होने से हड़कंप मच गया। घायल युवक को सीएचसी भेजा गया। वहीं आक्रोशित भीड़ ने विसर्जन रोक दिया और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 17 Oct 2024 08:33 AM (IST)
Hero Image
चाकूबाजी की घटना के बाद सड़क पर रोकी गईं प्रतिमाएं।-जागरण

जागरण संवाददाता, सलेमपुर (देवरिया)। उत्‍तर प्रदेश में अभी बहराइच का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि देवरिया में प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल हो गया। यहां मझौलीराज उपनगर में बुधवार की रात प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकली शोभा यात्रा के दौरान चाकूबाजी में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक को सीएचसी भेजा गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने प्रतिमाओं का विसर्जन रोक दिया।

बवाल बढ़ने की सूचना पर एएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही आरोपितों पर कार्रवाई करने के लिए आश्वासन दिया। इसके बाद प्रतिमा विसर्जन के लिए लोग तैयार हुए।

मझौलीराज उपनगर में मां देवी की प्रतिमाएं रखी गई थीं। रात को शोभा यात्रा के साथ प्रतिमाएं विसर्जित होने के लिए जा रही थीं। मुख्य चौक पर प्रतिमा पहुंची थी कि यहां एक युवक शोभा यात्रा में पहुंचा। मझौलीराज उपनगर के शंकर नगर निवासी राजन पटेल से नृत्य करने को लेकर उसका विवाद हो गया।

इसे भी पढ़ें-यूपी में किसानों को एक पखवारे पहले मिलेगी मौसम की सटीक जानकारी, हर तहसील में बनेगा वेदर स्‍टेशन

युवक ने राजन पटेल पर चाकू से हमला कर दिया और वे घायल हो गए। युवक फरार हो गया। इसके बाद बवाल बढ़ गया और प्रतिमा विसर्जन रुक गया। सूचना पर सीओ दीपक शुक्ला, एसडीएम दिशा श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर रहे लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

चाकूबाजी की घटना के बाद सड़क पर रोकी गईं प्रतिमाएं। -जागरण


इसके बाद प्रतिमाएं विसर्जित होने के लिए निकलीं। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि एक युवक को चाकू लगा है। मामले की जांच की जा रही है। प्रतिमाएं विसर्जित की जा रही हैं।

इसे भी पढ़ें-नेपाल में मुस्लिम महिलाओं को कट्टरता का पाठ पढ़ा रहा दावत-ए-इस्लामी, खोला गया है 'इंस्टीट्यूट'

आरोपित की तलाश की जा रही है। बाद में एसपी संकल्प शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आरोपित दूसरे समुदाय का बताया जा रहा है, इससे तनाव की स्थिति है।

जनजीवन पटरी पर लौटने का इंतजार

वहीं बहराइच जिले में बवाल के दौरान एक युवक की हत्‍या कर दी गई थी। अराजकता के चौथे दिन बुधवार को भी महराजगंज के मुख्य बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। प्रशासन की अपील के बाद भी लोग दुकान नहीं खोल रहे हैं। अधिकांश घरों के दरवाजे बंद हैं। घरों में महिलाएं ही हैं, पुरुष नदारद हैं। हिंसा के बाद से बंद की गई इंटरनेट सेवा अब भी बाधित है। ऐसे में सरकारी विभाग समेत व्यापारियों को भी लेने-देन को लेकर काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि हिंसा पर काबू पा लिया गया है। अगले 24 घंटे जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर आ जाएगा। बाजारों को खोलवाकर कारोबार को सामान्य बनाया जाएगा। प्रशासन के प्रयास से लोग संतुष्ट हैं। दोषियों को जल्द चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई हिंसा करने का दुस्साहस न कर सके। प्रभावित गांवों में सहायता सामग्री बांटी जा रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।