Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Etah Voting: कासगंज में सबसे अधिक वोटर्स, आज 1672149 मतदाता करेंगे 10 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

एटा लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों एटा मारहरा कासगंज अमांपुर पटियाली में 1672149 मतदाता 10 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। भाजपा से राजवीर सिंह सपा से देवेश शाक्य बसपा से इरफान अहमद एड. बड़े राजनीतिक दलों के प्रत्याशी हैं। राजनीतिक पार्टियां दिनभर मतदान के दिन के लिए रणनीति बनाती रहीं। लोकसभा की कासगंज विधानसभा में सबसे अधिक मतदाता हैं।

By pravesh dixit Edited By: Aysha Sheikh Updated: Tue, 07 May 2024 10:07 AM (IST)
Hero Image
Etah Voting: इस विधानसभा में सबसे अधिक वोटर्स, आज 1672149 मतदाता करेंगे 10 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

जागरण संवाददाता, एटा। एटा में नौ बजे तक 13.86 प्रतिशत मतदान हो चुका है। एटा लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों एटा, मारहरा, कासगंज, अमांपुर, पटियाली में 1672149 मतदाता 10 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। भाजपा से राजवीर सिंह, सपा से देवेश शाक्य, बसपा से इरफान अहमद एड. बड़े राजनीतिक दलों के प्रत्याशी हैं। राजनीतिक पार्टियां दिनभर मतदान के दिन के लिए रणनीति बनाती रहीं। लोकसभा की कासगंज विधानसभा में सबसे अधिक मतदाता हैं।

मतदान के लिए राजनीतिक पार्टियों ने मजबूत बूथ प्रबंधन को लेकर अपनी ठोस रणनीति बनाई है। भारतीय जनता पार्टी ने सभी बूथ अध्यक्षों और पोलिंग एजेंट्स को मैसेजिंग करके चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पोलिंग एजेंट्स से समय से मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए कहा है। पार्टी ने अपने 23 हजार से अधिक पन्ना प्रमुखों से भी अपडेट लिया है।

इसी तरह से सपा और बसपा भी चुनाव प्रबंधन को लेकर रणनीति बनाने में मशगूल रहीं। पार्टी के नेता पल-पल का अपडेट लेते रहे। लोकसभा क्षेत्र में कासगंज विधानसभा में सबसे अधिक और अमांपुर विधानसभा में सबसे कम मतदाता हैं। महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से थोड़ी ही कम है, जबकि अन्य मतदाताओं की संख्या 65 है।

मारहरा विधानसभा में कोई अन्य श्रेणी का मतदाता नहीं है, जहां तक महिला मतदाताओं का सवाल है तो उनकी संख्या कासगंज विधानसभा में ही सबसे ज्यादा है। लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने अब तक दिन-रात एक कर दिया। चुनाव प्रचार बंद होने के बाद राजनीतिक पार्टियों ने पूरा जोर बूथ प्रबंधन पर लगाया। यहां तीन बड़ी पार्टियों को छोड़कर शेष सात प्रत्याशी की भी उपस्थिति है, लेकिन राजनीतिक पार्टियां इन प्रत्याशियों से बिल्कुल चिंतित नहीं हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान भी यह प्रत्याशी कहीं भी प्रचार अभियान को धार देते नहीं दिखाई दिए। राजनीतिक दलों की ही धमाचौकड़ी यहां नजर आई। भाजपा की तरफ से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री यहां डेरा जमाए रहे।

सपा की तरफ से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही यहां चुनाव प्रचार के लिए आए। सैफई परिवार से अन्य कोई सपा प्रत्याशी के प्रचार के लिए नहीं पहुंचा। बसपा प्रमुख मायावती ने मैनपुरी में ही बसपा प्रत्याशी को बुलाकर एटा वालों से वोट मांग लिए। बसपा का कोई वरिष्ठ नेता यहां नहीं आया।

वेबकास्टिंग के जरिए रखी जाएगी नजर

वेबकास्टिंग के जरिए मतदान केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। कौन क्या कर रहा है, पल-पल की जानकारी अधिकारियों को होगी। वेबकास्टिंग के लिए 625 मतदान केंद्र चयनित किए गए हैं। इन सभी पर वेबकास्ट करने वाली टीमों की तैनाती की गई है। यह टीमें मतदान टोली के साथ ही केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। इन्हें निर्देश दिए गए हैं कि पैनी नजर रखी जाए। क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। इन केंद्रों पर फोर्स की तैनाती भी अतिरिक्त की गई है।

प्रत्याशियों और समर्थकों पर भी नजर

लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों पर भी नजर रखी जा रही है। चुनाव के दौरान प्रत्याशियों की क्या गतिविधियां हैं, इसके लिए वीडियो ग्राफर लगाए गए हैं। मतदान के दिन अगर कहीं प्रत्याशी की तरफ से कोई गड़बड़ी होती है तो पुलिस तत्काल हरकत में आएगी। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाह ने बताया कि प्रत्येक स्थिति पर नजर रख रहे हैं। गड़बड़ी करने वाले संदिग्ध लोगों की सूचियां बनाई जा चुकी हैं। अगर कोई गड़बड़ी करने का प्रयास करेगा तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। फर्जी वोटिंग किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें