Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'धारा 370 हटने के बाद जम्मू काश्मीर में माहौल बदला', इटावा में बोले पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी; अखिलेश यादव को घेरा

धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में माहौल बदला है। पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी ने कहा कि अब आतंकवाद अंतिम सांसें ले रहा है और रोजगार के साधन बढ़े हैं। खेल और पर्यटन की गतिविधियां भी बढ़ी हैं। आम आदमी खुश है। उन्होंने कहा कि जो लोग धारा 370 हटने के बाद माहौल खराब होने की बात कहते हैं वे राजनीति से प्रेरित हैं।

By Jagran News Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Sun, 22 Sep 2024 04:57 PM (IST)
Hero Image
अब आतंकवाद अंतिम सांसें ले रहा है- पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी

जागरण संवाददाता, इटावा। पूर्व राज्यपाल व भाजपा नेता जगदीश मुखी ने कहा कि धारा 370 हटने के बाद जम्मू कश्मीर में माहौल बदला है। तीन साल पहले जो माहौल था, अब बहुत बदला है। आतंकवाद अंतिम सांसें ले रहा है। रोजगार के साधन बढ़े हैं। खेल की गतिविधियां बढ़ी हैं। पर्यटन का कारोबार तेजी से बढ़ा है।

आम आदमी खुश है। जो लोग धारा 370 हटने के बाद माहौल खराब होने की बात कहते हैं वे राजनीति से प्रेरित हैं। आज और रोजगार बढ़ाने की जरूरत है। वह भाजपा जिला कार्यालय पर सदस्यता अभियान की समीक्षा के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के यह बयान कि उपचुनाव के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हट जाएंगे, इस पर उन्होंने कहा कि यह मीडिया में सुर्खियों में बने रहने की कोशिश है। योगी आदित्यनाथ को अखिलेश यादव कैसे हटा सकते हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेरिका में सिक्ख समुदाय को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा के लगातार हमलावर होने की बात पर उन्होंने कहा कि वह हमेशा विदेश में जाकर ऊल-जलूल बयान देते हैं।

सदस्यता अभियान को लेकर कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। नये सिरे से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। सदस्यता अभियान किस तरीके से चल रहा है, इसकी समीक्षा की गई है।

कानपुर क्षेत्र के 10 जिलों में जो लक्ष्य दिए गए हैं, वह कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरा किया जाएगा। इटावा जनपद में ढाई लाख सदस्य के लक्ष्य के सापेक्ष 80 हजार सदस्य बनाए जा चुके हैं। हरियाणा में भाजपा सरकार बनाने में कामयाब होगी।