Move to Jagran APP

UP News: सैफई में शिवपाल-अखिलेश से मिले नीतीश कुमार, बताया 'नेताजी' के अंतिम संस्कार में क्यों नहीं पहुंच पाए?

Mulayam Singh Yadav News समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं संरक्षक मुलायम सिंह यादव को बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने सैफई आकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व शिवपाल से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek AgnihotriUpdated: Wed, 12 Oct 2022 07:31 PM (IST)
Hero Image
सैफई में अखिलेश और शिवपाल से मिले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।

इटावा, जागरण संवाददाता। सैफई गांव पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करके शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही अखिलेश और शिवपाल से मुलाकात के बाद पत्रकार वार्ता में नीतीश ने विपक्षी एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। 

समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं सात बार सांसद, आठ बार विधायक और तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन सोमवार को गया था और मंगलवार को अंत्येष्टि हुई थी। बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सैफई ग्राम स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचे। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव व शिवपाल यादव से मुलाकात करके शोक संवेदना व्यक्त की। वे करीब आधा घंटा तक रुके रहे। 

नीतीश कुमार ने पत्रकार वार्ता में विपक्षी एकता की मजबूती पर बल दिया और कहा कि हम तो चाहते थे कि पुराने लोग सभी एक हो जाएं। हम लोग तो पहले से ही सबको एकत्रित करने का कार्य करते रहते हैं। यूपी बिहार कोई अलग-अलग नहीं है। हमारा पुराना नाता यूपी से रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यहां पर जनता दल के प्रभारी भी रहे हैं और यहां पर आना जाना लगा रहता था। शिवपाल और अखिलेश को एक साथ लाने की पहल पर उन्होंने कहा कि अभी यह उचित समय नहीं है। उन्होंने बताया कि बाहर होने की वजह से अंतिम संस्कार में नहीं आ सके।

ये नेता भी आए संवेदना व्यक्त करने

सैफई स्थित आवास पर बुधवार को प्रात: करीब 10 बजे सबसे पहले बिहार के पूर्व सांसद पप्पू यादव पहुंचे। उन्होंने मुलायम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करके श्रद्धासुमन अर्पित किए। कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह, जदयू नेता केसी त्यागी, प्रदेश के खेल राज्य मंत्री गिरीश यादव व कृषि राज्य मंत्री बल्देव सिंह औलख, कवि व पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह भी पहुंचे। शाम चार बजे के बाद विधान परिषद सभापति मानवेंद्र सिंह व आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, पूर्व डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा भी पहुंचे। शाम पांच बजे तक लोगों के आने का क्रम चलता रहा। सभी ने अखिलेश यादव से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। बीच-बीच में लाइन लगाकर लोगों को नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के लिए उसी हाल में भेजा गया, जहां पर मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को रखा गया था। 

अंत्येष्टि में शामिल हुई थीं ये हस्तियां

एनसीपी प्रमुख शरद पवार, सुप्रिया सुले व प्रफुल पटेल, माकपा के महासचिव प्रकाश करात, सीताराम येचुरी, उद्यमी अनिल अंबानी, सहारा प्रमुख सुब्रत राय सहारा, फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन की पत्नी व सपा सांसद जया बच्चन, उनके बेटे अभिषेक बच्चन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव व कविता राव, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, पूर्व मंत्री मनोज पांडेय, जगदंबिका पाल, पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी, बाबा रामदेव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे व प्रमोद तिवारी, बांकेबिहारी मंदिर के पुजारी गोपी, भाजपा नेता वरुण गांधी भी मंगलवार को अंत्येष्टि से पहले मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन के लिए आए थे। इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सैफई आवास में आकर श्रद्धासुमन अर्पित किए थे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।