Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News: ब्रेक बाइंडिंग से रोकी गई कैफियत व झारखंड एक्सप्रेस, प्लेटफार्म पर धुआं-धुआं; यात्रियों में अफरातफरी

नई दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर शनिवार को दो ट्रेनों में ब्रेक बाइंडिंग (ब्रेक शू चिपक जाने पर धुआं निकलना) की दो घटनाएं सामने आईं। इससे ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। मामले की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामला ब्रेक बाइंडिंग का निकलने पर राहत की सांस ली। पहली घटना में बलरई रेलवे स्टेशन पर कैफियत एक्सप्रेस को करीब एक घंटे रोका गया।

By Ajay Kumar Singh Edited By: Shivam Yadav Updated: Sun, 24 Dec 2023 12:27 AM (IST)
Hero Image
ब्रेक बाइंडिंग से रोकी गई कैफियत व झारखंड एक्सप्रेस

जागरण संवाददाता, इटावा। नई दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर शनिवार को दो ट्रेनों में ब्रेक बाइंडिंग (ब्रेक शू चिपक जाने पर धुआं निकलना) की दो घटनाएं सामने आईं। इससे ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। मामले की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामला ब्रेक बाइंडिंग का निकलने पर राहत की सांस ली।

पहली घटना में बलरई रेलवे स्टेशन पर कैफियत एक्सप्रेस को करीब एक घंटे रोका गया। जबकि दूसरी घटना में झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को भरथना स्टेशन पर करीब 25 मिनट तक रोक कर रखा गया। रेलवे के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इसे ठीक किया।

पहले मामले में आजमगढ़ से दिल्ली जा रही 12225 कैफियत एक्सप्रेस के एस-7 कोच में धुआं निकलने की सूचना पर उसे बलरई स्टेशन पर शनिवार सुबह करीब पौने पांच बजे रोका गया। 

दमकल विभाग, जीआरपी और पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंच गए थे। पहिए के डिस्क ब्रेक खराब पाए जाने पर उसकी मरम्मत की गई और करीब एक घंटे बाद पांच बजकर 45 मिनट पर ट्रेन को रवाना किया गया। इस ट्रेन ने जसवंतनगर स्टेशन जैसे ही पास किया था वैसे ही धुआं उठने लगा था। यात्रियों में खलबली मच गई उन्हें लगा की आग लग गई। 

सीओ जसवंतनगर अतुल प्रधान सहित कई थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया था। एस-7 कोच के यात्रियों को दूसरे डिब्बों में शिफ्ट कराकर ट्रेन को रवाना किया गया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि ब्रेक शू के चिपकने के कारण धुआं निकला था, जिसे ठीक कर लिया गया।

झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस भी रोकी गई

दूसरे मामले में ट्रेन नंबर 12826 झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस नई दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही थी। इकदिल रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद एसी बी-3 कोच में ब्रेक बाइंडिंग के बाद इसे भरथना के प्लेटफार्म नंबर दो पर रोका गया। 

ट्रेन में रखे फायर एग्जीक्यूटर की मदद से कोच के पहियों को ठंडा किया गया। इस दौरान रेलवे प्लेटफार्म पर धुआं-धुआं ही छाया गया। यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। 25 मिनट तक ट्रेन रोके जाने के बाद उसे रवाना किया गया। ट्रेन 12 बजकर 12 मिनट पर स्टेशन पहुंची और 12 बजकर 37 मिनट पर उसे रवाना कर दिया गया।

स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि बी-3 कोच से धुआं निकलने के बाद ट्रेन को रोका गया था। कर्मचारियों ने उसे सही कर दिया। उसके बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया। किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई।

सीमांचल व मुरी एक्सप्रेस को रोका गया

झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग हो जाने के चलते रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर रुकने के बाद ट्रेन के पीछे आ रही दो ट्रेनों को रुकना पड़ा। सीमांचल एक्सप्रेस और मुरी एक्सप्रेस को आउटर व इकदिल के मध्य कुछ समय के लिए रुकना पड़ा। 

ब्रेक बाइंडिंग पर काबू पाने के लिए सात फायर सिस्टम की मदद से धुएं पर काबू पाया गया। जीआरपी चौकी प्रभारी मुनेंद्र कुमार, कांस्टेबल कमलकांत, उदयभान सिंह, महेंद्र सिंह आरपीएफ कांस्टेबल अशोक कुमार, जयपाल सिंह ने यात्रियों को वापस कोच में बैठाया।

यह भी पढ़ें: PM Modi News: पीएम मोदी के आने से पहले अयोध्या के एसपी ट्रैफिक का ट्रांसफर, इस वजह से लिया गया निर्णय

यह भी पढ़ें: रात में प्रेमिका से मिलने गया था… पकड़े जाने पर ‘अंडर एज’ निकला प्रेमी, फिर पिता ने कह दी हैरान करने वाली बात 

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर