Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Politics: अखिलेश बोले- कमजोर भाजपा डर से करने लगी जनादेश का अपमान, 2024 जीतने के ल‍िए ED, CBI को कर रही आगे

अख‍िलेश यादव ने बीजेपी पर हमलावर होते हो हुए कहा कि भाजपा द‍िन पर द‍िन कमजोर हो रही है। यही वजह है क‍ि अब वो जनादेश का भी अपमान करने लगी है। अख‍िलेश ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का भी आरोप लगाया है। अख‍िलेश ने कहा क‍ि 2024 का चुनाव जीतने के ल‍िए भाजपा सीबीआई ईडी और आयकर व‍िभाग को आगे कर रही है।

By Prabhapunj MishraEdited By: Prabhapunj MishraUpdated: Wed, 05 Jul 2023 07:44 AM (IST)
Hero Image
UP Politics:भाजपा पर अख‍िलेश यादव ने बोला हमला

अयोध्या, जासं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा कमजोर हो रही है। उसका यही वह डर है कि 2024 का लोकसभा चुनाव जीतने के लिए ईडी, सीबीआइ व आयकर विभाग को आगे कर रही है। बोले, लोकसभा चुनाव में देश की जनता इनको सबक सिखाएगी। महाराष्ट्र के घटनाक्रम में भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। कहा, भाजपा जनादेश का अपमान पहले से करती आई है।

अख‍िलेश बोले- गठबंधन के सभी साथी एक दूसरे की बात मानेंगे

पूर्व मुख्यमंत्री पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव के त्रयोदशाह संस्कार में सोहावल के दोस्तपु रग्घूपुर गांव में आए थे। पुत्र चंदन यादव समेत उनके परिवार को आश्वस्त किया कि पार्टी उनके साथ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यहां कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कांग्रेस पार्टी व क्षेत्रीय दलों में तालमेल की उम्मीद जताई। कहा, गठबंधन के सभी साथी एक दूसरे की बात मानेंगे। क्षेत्रीय दल, कांग्रेस की एवं कांग्रेस भी क्षेत्रीय दलों को महत्व देगी। कहा, समाजवादी पार्टी गठबंधन में शामिल है।

भाजपा भू-माफिया की पार्टी

सपा अध्यक्ष हसनूकटरा में हाईस्कूल की टापर मिस्कत नूर के आवास पर उसे सम्मानित करने पहुंचे। लैपटाप देकर उसका उत्साहवर्धन किया। यहां पत्रकारों से कहा, दक्षिण के दौरे में सामान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों से उनकी वार्ता हुई है, सब एक साथ आने को तैयार हैं। लोकसभा चुनाव में वरुण गांधी को सपा से उम्मीदवार बनाने के सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया। बोले, पार्टी अच्छे उम्मीदवार को उतारेगी। महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। भाजपा को किसान विरोधी बताया। भाजपा को भू-माफिया पार्टी बताते हुए कहाकि अगर अयोध्या, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर आदि जिलों में बैनामों की पड़ताल की जाएगी तो उसमें ज्यादातर भूमि भाजपा नेताओं की देखने को मिलेगी।

गोरखपुर में घरों में घुसने लगा बरसाती पानी- अख‍िलेश

फैजाबाद शहर की सड़कों की दुर्दशा देख बोले, प्रदेश के एक शहर को क्वेटा बनाने का सपना दिखाया गया था। गोरखपुर में बरसाती पानी घरों में घुसने लगा है। विश्वस्तरीय शहर में अयोध्या की गिनती हो, यह कौन नहीं चाहेगा। वह भी चाहते हैं। लेकिन यह तभी संभव है जब अच्छे आर्किटेक्ट व टाउन प्लानर की सेवा ली जाए। भाजपा के ठेकेदार उसमें न हों। राममंदिर निर्माण होने के बाद वह भी दर्शन करने आएंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद, पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन, विधायक अभय सिंह व जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव साथ रहे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश अंगूरीबाग में पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय के आवास पर शोक संतप्त परिवार से भी मिलने पहुंचे। पूर्व विधायक की पत्नी का तीन महीना पहले निधन हो गया था। हाल ही में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार शीतला सिंह के मकबरा स्थित आवास पर भी गए। परिवार से मिल शोक संवेदना जताई व उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें